उत्तराखंड में बदला मौसम, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी का अलर्ट; देखें अपडेट

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.

ANI
Shanu Sharma

उत्तराखंड में मौसम का हाल बदलने वाला है . उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी कुछ जगहों पर बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.

पहाड़ी क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी

बारिश के साथ उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर भी शुरू हो गया है. गुरुवार को चमोली स्थित हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई. केदारनाथ और रुद्रनाथ में भी ओलावृष्टि के साथ हल्की बर्फबारी दर्ज की गई. ऊंचे इलाकों में हिमपात के बाद तापमान गिरने से ठंड का असर बढ़ गया है. केदारनाथ में आज सुबह तापमान -2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. पिथौरागढ़ के मुनस्यारी और धारचूला में बुधवार रात बारिश हुई, जबकि पंचाचूली और राजरंभा की चोटियों पर हल्का हिमपात देखने को मिला.


बारिश से प्रभावित हुई केदारनाथ हेली सेवा

केदारघाटी में बूंदाबांदी के कारण केदारनाथ हेली सेवा भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुई. मौसम खराब होने की वजह से उड़ानों पर असर पड़ा, लेकिन मौसम में सुधार आने के बाद हेली सेवा दोबारा शुरू कर दी गई. नैनीताल में भूस्खलन की वजह से हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ. दोगांव और डोलमार के बीच सड़क पर मलबा आने के बाद वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई. देहरादून में भी गुरुवार सुबह से तेज बारिश का दौर जारी रहा. लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव जैसी स्थिति देखने को मिली. निचले इलाकों में लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा.

19 से 21 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम?

19 सितंबर: उत्तारखंड के लगभग सभी जिलों में शनिवार को बारिश की संभावना जताई गई है.

20 सितंबर: पहाड़ी जिलों में बारिश हो सकती है. वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं.

21 सितंबर: पहाड़ी जिलों के कुछ स्थानों पर बारिश होगी. मौसम ठंडा रहने वाला है. हालांकि भूस्खलन का खतरा बना रहेगा.