उत्तराखंड ने रचा नया इतिहास! 5 साल में 17 गुना बढ़ी विदेशी पर्यटकों की संख्या
उत्तराखंड में पर्यटन को लेकर बड़ी उपलब्धि सामने आई है. केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में विदेशी पर्यटकों की संख्या में करीब 17 गुना वृद्धि हुई है, जबकि घरेलू पर्यटकों का आंकड़ा छह करोड़ से अधिक पहुंच गया है.
उत्तराखंड ने पर्यटन के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. पिछले पांच वर्षों में राज्य में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में करीब 17 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वहीं, घरेलू पर्यटकों का आंकड़ा छह करोड़ से अधिक पहुंच गया है. केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की ओर से जारी वर्षवार आंकड़ों ने उत्तराखंड में पर्यटन की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता को रेखांकित किया है. इन आंकड़ों के सामने आने के बाद राज्य में पर्यटन को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि धार्मिक, प्राकृतिक और एडवेंचर पर्यटन के विस्तार का सीधा असर पर्यटकों की बढ़ती संख्या में दिखाई दे रहा है.
राज्यसभा में सवाल के बाद सामने आए आंकड़े
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के सवाल के जवाब में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संसद में उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों के वर्षवार आंकड़े साझा किए. महेंद्र भट्ट ने कहा कि इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि उत्तराखंड अब देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर भी अपनी मजबूत पहचान बना रहा है. उनके अनुसार राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है.
सरकार ने इन कारणों को बताया अहम
महेंद्र भट्ट ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और प्रदेश के लोगों की मेहनत को दिया. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चारधाम यात्रा, धार्मिक पर्यटन, साहसिक पर्यटन और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम किया गया है. इसी का परिणाम है कि उत्तराखंड में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है.
Also Read
महेंद्र भट्ट ने कहा कि पर्यटन उद्योग की सफलता में स्थानीय लोगों का योगदान भी बेहद अहम रहा है. उन्होंने बताया कि राज्य के होटल व्यवसायियों, होमस्टे संचालकों, स्थानीय गाइडों और पर्यटन से जुड़े अन्य लोगों ने बेहतर सेवाएं देकर पर्यटकों का भरोसा जीता है. उनके अनुसार, आतिथ्य संस्कृति और पर्यटन सुविधाओं में सुधार के कारण देश-विदेश से आने वाले यात्रियों का अनुभव पहले की तुलना में अधिक बेहतर हुआ है.
चारधाम और एडवेंचर टूरिज्म बना आकर्षण
उत्तराखंड लंबे समय से चारधाम यात्रा के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है. इसके अलावा ऋषिकेश, नैनीताल, मसूरी, औली, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, फूलों की घाटी और कई एडवेंचर डेस्टिनेशन भी बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं. ट्रैकिंग, रिवर राफ्टिंग, कैंपिंग, स्कीइंग और वाइल्डलाइफ टूरिज्म जैसी गतिविधियों के कारण भी राज्य में पर्यटन को नई गति मिली है.