menu-icon
India Daily

देहरादून में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, एक दिन में मिले 11 नए मरीज; अब तक 5 मौतें

बारिश के मौसम के बीच देहरादून में एच1एन1 संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. शनिवार को 26 नमूनों की जांच में 11 लोग संक्रमित मिले. जिले में अब तक 78 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 23 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
देहरादून में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, एक दिन में मिले 11 नए मरीज; अब तक 5 मौतें
Courtesy: AI

बारिश और बदलते मौसम के बीच देहरादून में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है. उत्तराखंड में शनिवार को 26 नमूनों की जांच की गई, जिसमें 11 लोगों की रिपोर्ट संक्रमित आई. इनमें नौ मरीज देहरादून के हैं, जबकि दो मरीज दूसरे जिलों से संबंधित हैं.

मिली जानकारी के मुताबिक इसी दिन नौ मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर भी लौटे हैं. स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की स्थिति को देखते हुए अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.

जिले में अब तक 78 मामले

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक एच1एन1 के 78 मामले सामने आ चुके हैं. इनमें 52 मरीज देहरादून के और 26 अन्य जिलों से हैं. वर्तमान में 23 संक्रमित मरीज अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं. अब तक 50 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि संक्रमण के बीच पांच लोगों की मौत दर्ज की गई है. स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार मृतकों में पहले से अन्य बीमारियां यानी सह-रुग्णता मौजूद थी. मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि डेथ ऑडिट के बाद की जाएगी. अधिकारियों द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक सभी अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. संक्रमण से निपटने के लिए अस्पतालों में अलग से तैयारियां की जा रही हैं, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके और संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित किया जा सके.

कोरोना के भी दो नए मरीज

एच1एन1 के साथ कोरोना संक्रमण के मामले भी सामने आ रहे हैं. शनिवार को 15 नमूनों की जांच में दो मरीज कोरोना संक्रमित मिले. दोनों मरीज दूसरे जिले से संबंधित हैं और एम्स ऋषिकेश में भर्ती हैं. इसी दिन दो कोरोना मरीज स्वस्थ हुए. जिले में अब तक कोरोना के 20 मामले सामने आ चुके हैं. इनमें आठ मरीज देहरादून और 12 अन्य जिलों के हैं. फिलहाल तीन मरीज एम्स में उपचाराधीन हैं. राहत की बात है कि अब तक कोरोना से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है.

संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोमवार से अलग फ्लू ओपीडी शुरू की जाएगी. अस्पताल में कैंटीन के पास इसके लिए अलग कक्ष तैयार किया गया है. यहां एक डॉक्टर और एक इंटर्न की तैनाती रहेगी. अलग ओपीडी बनाने का उद्देश्य यह है कि फ्लू के मरीजों की जांच और उपचार के दौरान अस्पताल में आने वाले अन्य मरीजों और उनके तीमारदारों को संक्रमण के जोखिम से बचाया जा सके.