उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने 22 किलोमीटर पैदल यात्रा का लिया संकल्प, ओलंपिक मेजबानी के लिए उठाएंगी कांवड़

इस खास कांवड़ यात्रा में प्रदेश और देश के खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी, महिलाएं और आम नागरिक शामिल हो सकते हैं. मंत्री ने सभी से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें भाग लें. संत समाज का भी साथ रहेगा.

X
Antima Pal

उत्तराखंड: उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ओलंपिक मेजबानी के समर्थन में कांवड़ यात्रा निकालेंगी. उन्होंने 22 किलोमीटर पैदल चलने का संकल्प लिया है. यह यात्रा 10 अगस्त को हरिद्वार से शुरू होगी. खेल मंत्री ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 2036 ओलंपिक की मेजबानी भारत को मिले, इसी मकसद से वे कांवड़ उठाएंगी. 

खेल मंत्री रेखा आर्य ने ओलंपिक मेजबानी के लिए उठाएंगी कांवड़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने के सपने को साकार करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है. यात्रा का आरंभ हरिद्वार के हर की पौड़ी से होगा. समापन ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर में जलाभिषेक के साथ होगा. कुल दूरी करीब 22 किलोमीटर है.

22 किलोमीटर पैदल यात्रा का लिया संकल्प

इस खास कांवड़ यात्रा में प्रदेश और देश के खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी, महिलाएं और आम नागरिक शामिल हो सकते हैं. मंत्री ने सभी से अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें भाग लें. संत समाज का भी साथ रहेगा. श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के संरक्षक महंत हरि गिरि महाराज और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महेंद्र रवींद्र पुरी महाराज अलग-अलग चरणों में शामिल होंगे.


रेखा आर्य इस पदयात्रा के जरिए फिट इंडिया का संदेश भी देना चाहती हैं. वे रोजाना देहरादून के एफआरआई परिसर में लंबी दूरी तय कर रही हैं. शुरुआत में पांच किलोमीटर चलती थीं. अब रोजाना 22 किलोमीटर तक अभ्यास कर रही हैं. उनकी टीम के अनुसार 9 अगस्त तक यही रूटीन जारी रहेगा.

कांवड़ मेला भी जोर पकड़ रहा है. सावन के पहले सोमवार पर भारी भीड़ उमड़ी थी. मंगलवार से श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने वाली है. सुबह नौ बजे पंचक खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंचेंगे. मेला प्रशासन और पुलिस ने सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ियों का स्वागत करेंगे. उसी दिन मुख्यमंत्री सेवा शिविर का उद्घाटन होगा जो 11 अगस्त तक चलेगा. पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निगम और अन्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हैं. प्रमुख मार्गों, पार्किंग, घाटों और मंदिरों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है.