मसूरी की वादियों में दिखे शाहिद कपूर, बेटी के समर कैंप एडमिशन के लिए वुडस्टॉक स्कूल पहुंचे

बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर वीकेंड पर मसूरी पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी का दाखिला वुडस्टॉक स्कूल के समर प्रोग्राम में कराया. इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर का दौरा किया और प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं.

Pinterest
Km Jaya

मसूरी: शाहिद कपूर वीकेंड पर उत्तराखंड के मसूरी में नजर आए. अभिनेता अपनी बेटी का दाखिला कराने के लिए प्रसिद्ध वुडस्टॉक स्कूल पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर का भ्रमण किया और स्थानीय लोगों व प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं. शाहिद कपूर की मौजूदगी की खबर मिलते ही उन्हें देखने के लिए लोगों की उत्सुकता बढ़ गई.

जानकारी के अनुसार वुडस्टॉक स्कूल में इस वर्ष का दूसरा समर प्रोग्राम आयोजित किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में भारत और विदेशों से आए कुल 151 बच्चे हिस्सा ले रहे हैं. करीब 12 दिनों तक चलने वाले इस समर कैंप में बच्चों के लिए शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है. इसका उद्देश्य बच्चों के व्यक्तित्व विकास और नई सीख को बढ़ावा देना है.

क्या थी शाहिद कपूर के वहां जाने की वजह?

शाहिद कपूर अपनी बेटी के समर कैंप में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी करने के लिए स्कूल पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने विद्यालय के मुख्य भवन का दौरा किया और वहां की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने कैफेटेरिया, छात्रावास और अन्य व्यवस्थाओं को भी देखा. स्कूल परिसर की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण ने उनका ध्यान आकर्षित किया.


क्या है वहां की खासियत?

मसूरी अपनी खूबसूरत वादियों, ठंडे मौसम और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के लिए देशभर में जाना जाता है. वुडस्टॉक स्कूल भी देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित आवासीय स्कूलों में शामिल है, जहां समय-समय पर कई प्रसिद्ध हस्तियां अपने बच्चों के प्रवेश और विभिन्न कार्यक्रमों के लिए पहुंचती रही हैं.

रविवार को शाहिद कपूर को मसूरी में देखकर उनके प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला. कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और अभिनेता ने भी मुस्कुराते हुए प्रशंसकों का अभिवादन किया. उनकी सादगी और सहज व्यवहार की लोगों ने सराहना की.

शाहिद कपूर का मसूरी दौरा पूरी तरह निजी रहा लेकिन उनकी मौजूदगी ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. सोशल मीडिया पर भी उनकी तस्वीरें तेजी से साझा की जा रही हैं. हालांकि अभिनेता की ओर से इस दौरे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.

वुडस्टॉक स्कूल का समर प्रोग्राम हर साल बड़ी संख्या में बच्चों को आकर्षित करता है. यहां आयोजित गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास पर केंद्रित होती हैं. ऐसे में देश और विदेश से अभिभावक अपने बच्चों को इस कार्यक्रम में शामिल कराने के लिए मसूरी पहुंचते हैं.