चमोली में बड़ा हादसा, टनल धंसने से 20-25 मजदूरों के फंसने की आशंका; 10 को सुरक्षित निकाला गया
उत्तराखंड के चमोली में THDC जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग धंसने से कई मजदूर अंदर फंस गए. राहत-बचाव दल ने अब तक 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है.
उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में THDC जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग का एक हिस्सा अचानक धंस गया. हादसे के समय सुरंग के भीतर करीब 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे. सुरंग का हिस्सा गिरने के साथ वहां पानी भरने की भी सूचना सामने आई, जिससे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
राहत अभियान में तेजी, 10 मजदूर बाहर
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं. शुरुआती बचाव अभियान में 10 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. हालांकि, सुरंग के भीतर अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है. उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं.
Also Read
NDRF और SDRF की टीमें मौके पर रवाना
मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना के तुरंत बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है. बचाव अभियान में उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्य में किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं. प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है. प्रशासन और बचाव एजेंसियां सुरंग के भीतर फंसे मजदूरों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हैं. परिवारों की चिंता के बीच सभी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद की जा रही है.