उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, सितंबर के शुरुआती दिनों में भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा. 1 सितंबर को देहरादून और टिहरी जिले में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और हरिद्वार में भी बिजली चमकने के साथ तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम का यह मिजाज छह सितंबर तक बने रहने की संभावना जताई गई है.
देहरादून के जिलाधिकारी ने भारी बारिश की चेतावनी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज यानी 1 सितंबर को जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है. यह अवकाश कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों पर लागू रहेगा. इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी आज बंद रहेंगे. प्रशासन का यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है, क्योंकि तेज बारिश के दौरान जलभराव और अन्य मौसमी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है.
देहरादून में सोमवार को दिनभर मौसम अपेक्षाकृत शांत रहा, लेकिन शाम होते ही अचानक तेज बारिश शुरू हो गई. करीब एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने शहर के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित कर दिया. तेज बारिश के बाद कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात दिखाई दिए. दर्शनलाल चौक, एस्लेहॉल चौक, रेलवे स्टेशन, प्रिंस चौक और माजरा समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया. सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई.
लगातार बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ रहा है. इसे देखते हुए देहरादून पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है. पुलिस की अलग-अलग टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. पुलिसकर्मी लाउड हेलर के जरिए नदी और नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क कर रहे हैं. लोगों से लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.