देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 1 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम, सिक्किम और केरल में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है.
मौसम में इस बदलाव के पीछे कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं. पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्र में निचले क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं. वहीं, पश्चिम बंगाल, उत्तरी तटीय ओडिशा और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
राजधानी दिल्ली में 1 सितंबर की शाम कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवाओं की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है. उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, चित्रकूट समेत कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है.
बिहार के पटना, सिवान, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और सुपौल समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. झारखंड में रांची, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, धनबाद, गिरिडीह और हजारीबाग समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है.
उत्तराखंड में देहरादून, ऋषिकेश, नैनीताल और रुद्रप्रयाग समेत कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा देखते हुए यात्रियों को सावधानी बरतने की जरूरत है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर और सोलन में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, जालंधर, पटियाला, संगरूर, बठिंडा और लुधियाना में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. राजस्थान के जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, करौली, दौसा और भरतपुर समेत कई इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है. मध्य प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, विदिशा, सागर, दमोह और रायसेन समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी का अनुमान है.