राष्ट्रपति मुर्मु के देहरादून दौरे से बदलेगा ट्रैफिक रूट, घर से निकलने से पहले जरूर पढ़ें यह खबर
देहरादून में भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचेंगी. सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए 12 और 13 जून को कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है.
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भारतीय सैन्य अकादमी की प्रतिष्ठित पासिंग आउट परेड को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. इस बार का आयोजन कई मायनों में खास माना जा रहा है क्योंकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगी और भावी सैन्य अधिकारियों की परेड की सलामी लेंगी. राष्ट्रपति के 2 दिवसीय दौरे और सुरक्षा व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है. इसके चलते कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का संचालन बदले हुए रूट से किया जाएगा.
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के देहरादून आगमन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं. शहर के कई संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दोनों सुचारू रूप से संचालित रहें. इसी कारण कई मार्गों पर अस्थायी डायवर्जन लागू किए गए हैं.
12 जून को इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
प्रशासन के अनुसार ऋषिकेश और भानियावाला की ओर से आने वाले वाहनों को रानीपोखरी, भोगपुर और थानो रोड के रास्ते शहर की ओर भेजा जाएगा. हरिद्वार से देहरादून आने वाले वाहनों को भानियावाला सर्विस लेन, डोईवाला चौक और दूधली मार्ग से होकर शहर में प्रवेश कराया जाएगा. वहीं मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं. दून से हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले वाहनों को कारगी चौक और डोईवाला मार्ग के जरिए गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा.
Also Read
13 जून को IMA क्षेत्र रहेगा जीरो जोन
शनिवार सुबह पांच बजे से दोपहर बारह बजे तक भारतीय सैन्य अकादमी के आसपास का पूरा क्षेत्र जीरो जोन घोषित किया गया है. इस दौरान बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा. प्रेमनगर से शहर आने वाले छोटे वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है. भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है ताकि परेड के दौरान यातायात प्रभावित न हो.
पासिंग आउट परेड से पहले आयोजित कमांडेंट परेड में भावी सैन्य अधिकारियों ने अनुशासन और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया. बारिश के बावजूद कैडेट्स का उत्साह कम नहीं हुआ. ड्रिल स्क्वायर पर सटीक कदमताल और अनुशासित प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया. अंतिम चरण में हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा ने समारोह को और भव्य बना दिया.