अंतिम चरण में कांवड़ मेला 2026 की तैयारियां, डीएम-एसएसपी ने किया पटरी मार्ग का निरीक्षण
कांवड़ मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शंकराचार्य चौक से रुड़की तक कांवड़ पटरी मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया.
कांवड़ मेला 2026 को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मेले से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को शंकराचार्य चौक से रुड़की तक कांवड़ पटरी मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शंकराचार्य चौक, ऋषिकुल पुल, प्रेमनगर चौक, सिंहद्वार, आर्यनगर चौक, दुर्गा चौक, लाल पुल, जटवाड़ा पुल, बहादराबाद से लेकर रुड़की तक पूरे कांवड़ मार्ग का दौरा किया. इस दौरान सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया. अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए.
निर्माणाधीन घाटों पर बैरिकेडिंग के निर्देश
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन घाटों के पास सुरक्षा दीवार नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए. जिलाधिकारी ने संभावित जलभराव वाले स्थानों की पहले से पहचान कर स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही मार्ग किनारे उगी झाड़ियों की सफाई, पेड़ों की छंटाई और अंडरपास के खुले हिस्सों पर सुरक्षा जाली लगाने को कहा.
Also Read
उन्होंने पूरे कांवड़ मार्ग को गड्ढामुक्त बनाने और निर्माणाधीन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने पर जोर दिया. इसके अलावा जिला पंचायत को अस्थायी शौचालयों की संख्या बढ़ाने, सभी भंडारों और शौचालयों पर स्पष्ट दिशासूचक बोर्ड लगाने, जल संस्थान को निर्बाध पेयजल आपूर्ति तथा विद्युत विभाग को पूरे मार्ग पर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं.
पुलिस को भीड़ नियंत्रण करने के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और कानून व्यवस्था की सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए. उन्होंने आवश्यकता वाले स्थानों पर तत्काल बैरिकेडिंग करने, लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया. निरीक्षण के दौरान वन, राजस्व, नगर निगम, पुलिस और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे. प्रशासन का कहना है कि कांवड़ मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त कर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा.