झील, बारिश और ठंडी हवाएं... मानसून ने बदला नैनीताल का मौसम; उमड़ी पर्यटकों की भीड़

नैनीताल में मंगलवार को हुई हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया, जिससे पर्यटकों ने झील किनारे फोटोग्राफी और घूमने का भरपूर आनंद लिया.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

नैनीताल: उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल में मंगलवार को हुई हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया और पर्यटकों के चेहरे खिल उठे. सुबह से दोपहर तक रुक रुक कर हुई बारिश के बीच झील किनारे सैलानियों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली. खासकर युवा और पर्यटक जोड़ों ने बारिश के बीच फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर अपनी यात्रा को यादगार बनाया. सुहावने मौसम के चलते पर्यटन कारोबार में भी सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है.

मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक बारिश का दौर जारी रहा. इस दौरान कुछ समय के लिए तेज बारिश भी हुई. मौसम विभाग के अनुसार शहर में लगभग पांच मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. बारिश के बाद दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, हालांकि इसके बाद ज्यादा बारिश नहीं हुई. ठंडी हवाओं और बादलों के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम काफी खुशनुमा बना रहा.

पर्यावरण वैज्ञानिक ने क्या बताया?

आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान के वरिष्ठ पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह के अनुसार इस वर्ष मानसून पर अल नीनो का प्रभाव देखने को मिल रहा है. उन्होंने बताया कि इसी कारण सामान्य से अलग मौसम का रुख देखने को मिल सकता है और आगे भी इसका असर बना रह सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून सक्रिय है लेकिन अल नीनो के कारण वर्षा का वितरण सामान्य वर्षों से अलग हो सकता है.


कितना था तापमान?

जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को नैनीताल का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं अधिकतम आर्द्रता 90 प्रतिशत और न्यूनतम 60 प्रतिशत रही. तापमान में आई गिरावट से स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को राहत मिली. मौसम में आई ताजगी ने शहर की खूबसूरती को और बढ़ा दिया.

सप्ताहांत समाप्त होने के बाद भी नैनीताल में पर्यटकों की आमद बनी हुई है. होटल संचालकों ने कमरों के किराए में कमी की है, जिससे दिल्ली एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सहित कई राज्यों से पर्यटक लगातार पहुंच रहे हैं. होटल कारोबारियों का कहना है कि कम कीमतों और सुहावने मौसम का सीधा फायदा पर्यटन उद्योग को मिल रहा है.

पर्यटन कारोबारियों का क्या है कहना?

पर्यटन कारोबारियों के अनुसार 15 जुलाई तक पर्यटकों की संख्या अच्छी बनी रहने की संभावना है. उनका कहना है कि अब नैनीताल का पर्यटन केवल गर्मियों तक सीमित नहीं रह गया है. कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धा, नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता और मानसून के दौरान मिलने वाला मनमोहक मौसम पूरे वर्ष पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है. सप्ताहांत के अलावा सामान्य दिनों में भी शहर में सैलानियों की अच्छी आवाजाही देखने को मिल रही है, जिससे स्थानीय कारोबार को भी मजबूती मिल रही है.