menu-icon
India Daily

पिथौरागढ़ के गांव में बेटियों के लिए अनोखी पहल, जन्म पर ₹1000 और शादी पर ₹3000 मिलेंगे

पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र में सैणराथी ग्राम पंचायत ने बेटियों को सम्मान देने और गरीब परिवारों की मदद करने के लिए एक सराहनीय कदम उठाया है. ग्राम पंचायत ने फैसला लिया है कि अब यहां बेटी के जन्म पर परिवार को एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. 

antima
Edited By: Antima Pal
पिथौरागढ़ के गांव में बेटियों के लिए अनोखी पहल, जन्म पर ₹1000 और शादी पर ₹3000 मिलेंगे
Courtesy: grok

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र में सैणराथी ग्राम पंचायत ने बेटियों को सम्मान देने और गरीब परिवारों की मदद करने के लिए एक सराहनीय कदम उठाया है. ग्राम पंचायत ने फैसला लिया है कि अब यहां बेटी के जन्म पर परिवार को एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. 

पिथौरागढ़ के गांव में बेटियों के लिए अनोखी पहल

साथ ही बेटी की शादी के समय तीन हजार रुपये की आर्थिक मदद भी उपलब्ध कराई जाएगी. यह जानकारी सैणराथी ग्राम प्रधान मुकेश सिंह मेहता की अध्यक्षता में हुई ग्राम सभा की बैठक में सामने आई. बैठक में जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई और सबकी सहमति से यह प्रस्ताव पास किया गया. पंचायत का यह कदम 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है.

ग्राम प्रधान मुकेश सिंह मेहता ने कहा- 'बेटियां परिवार, समाज और देश की अमूल्य धरोहर हैं. उनका सम्मान करना और उन्हें सशक्त बनाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है. हमारी पंचायत का लक्ष्य है कि समाज के हर वर्ग तक मदद पहुंचे, खासकर जरूरतमंद परिवारों तक.'

बैठक में यह भी तय किया गया कि निःसंतान और असहाय परिवारों को हर साल एक हजार रुपये की सहायता दी जाएगी. इस फैसले से गांव के गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी. ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत किया है. उन्होंने इसे सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बताया. लोग कह रहे हैं कि ऐसी पहल से समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच बढ़ेगी और लिंग अनुपात सुधारने में भी मदद मिलेगी.