देहरादून से पिथौरागढ़ तक बारिश का कहर, उत्तराखंड में मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 13 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में तेज बारिश, आंधी, बिजली गिरने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Pinterest
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को जहां राहत मिली है, वहीं तेज आंधी, तूफान और बारिश ने कई इलाकों में मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं. भारतीय मौसम विभाग यानी IMD और मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने 13 जून के लिए राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.  इन जिलों के 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी अनुमान है. 

पर्वतीय जिलों में कैसा रहेगा मौसम?

वहीं देहरादून, टिहरी और पौड़ी समेत अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज बौछारें पड़ सकती हैं. हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.


देहरादून में कैसा था मौसम?

राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार शाम अचानक मौसम बदल गया. विकासनगर, चकराता और मालदेवता क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली. देहरादून के बीजापुर गेस्ट हाउस के पास एक बड़ा पेड़ सड़क किनारे खड़े ऑटो पर गिर गया. हालांकि उस समय ऑटो खाली होने के कारण बड़ा हादसा टल गया.

कैसी थी वहां की स्थिति?

ऋषिकेश में आंधी और बारिश ने सबसे ज्यादा असर डाला. तेज तूफान के कारण कई दुकानों के छप्पर और टीन शेड उड़ गए. कई स्थानों पर पेड़ और टहनियां बिजली के तारों पर गिर गईं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. स्थानीय लोगों को रात अंधेरे में बितानी पड़ी. वहीं लीची और आम की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है.

उत्तरकाशी और चमोली में भी तेज हवाओं और बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ. उत्तरकाशी के बासुंगा गांव में जूनियर हाई स्कूल भवन की छत क्षतिग्रस्त हो गई. चमोली के बद्रीनाथ में पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दूसरी ओर रुड़की में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 14 से 18 जून तक भी पर्वतीय जिलों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा. जबकि मैदानी क्षेत्रों में धीरे-धीरे मौसम साफ होने लगेगा. लोगों को आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.