FIFA World Cup 2026

नैनीताल में नए ट्रैफिक नियम, 1 अगस्त से माल रोड पर हॉर्न पर पूरी पाबंदी

कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल देश-विदेश के पर्यटकों का पसंदीदा ठिकाना है. माल रोड यहां की सबसे खास जगह है जहां लोग शांत वातावरण में घूमना और नजरों का लुत्फ उठाना चाहते हैं. अनावश्यक हॉर्न की आवाज से ध्वनि प्रदूषण होता है और पर्यटकों का अनुभव खराब हो जाता है. इसलिए यह फैसला लिया गया है कि माल रोड पर हॉर्न बजाना पूरी तरह बंद रहेगा. 

Pinterest
Antima Pal

नैनीताल: उत्तराखंड की प्रसिद्ध पर्यटन नगरी नैनीताल में यातायात को बेहतर बनाने के लिए बड़े फैसले लिए गए हैं. कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में तय किया गया कि 1 अगस्त 2025 से माल रोड पर वाहनों के हॉर्न बजाने पर पूरी तरह रोक लग जाएगी. साथ ही तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी तक पूरे इलाके को नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया गया है.

नैनीताल में नए ट्रैफिक नियम

कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल देश-विदेश के पर्यटकों का पसंदीदा ठिकाना है. माल रोड यहां की सबसे खास जगह है जहां लोग शांत वातावरण में घूमना और नजरों का लुत्फ उठाना चाहते हैं. अनावश्यक हॉर्न की आवाज से ध्वनि प्रदूषण होता है और पर्यटकों का अनुभव खराब हो जाता है. इसलिए यह फैसला लिया गया है कि माल रोड पर हॉर्न बजाना पूरी तरह बंद रहेगा. 

बैठक में नैनी झील के आसपास ट्रैफिक को सुगम रखने के लिए तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक नो-पार्किंग जोन बनाने का निर्णय हुआ. पुलिस को इस नियम को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी.

अन्य महत्वपूर्ण फैसले

कमिश्नर रावत ने पुलिस और परिवहन विभाग को साफ निर्देश दिए कि बिना फिटनेस सर्टिफिकेट वाले किसी भी सरकारी या निजी वाहन को सड़क पर नहीं चलने दिया जाए. ऐसे वाहनों को जब्त किया जाएगा. निजी गाड़ियों का व्यावसायिक इस्तेमाल पूरी तरह रोका जाएगा. इसके लिए दोनों विभाग मिलकर विशेष अभियान चलाएंगे. 

बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सुझाव दिए. कमिश्नर ने कहा कि सभी विभाग मिलकर तय समय में काम पूरा करें ताकि नैनीताल में ट्रैफिक सुचारू और सुरक्षित हो सके. 

रूसी बाईपास बनेगा पार्किंग हब

नैनीताल में पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब बनाने की योजना भी है. इससे शहर के अंदर वाहनों की भीड़ कम होगी.