NEET परीक्षा देने जा रहे छात्रों के लिए बड़ी राहत, सरकार ने किया मुफ्त यात्रा का ऐलान
21 जून को होने वाली नीट री एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए उत्तराखंड सरकार ने बड़ी राहत का ऐलान किया है. परीक्षा देने वाले छात्रों को राज्य परिवहन की बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा मिलेगी.
नीट री एग्जाम में शामिल होने जा रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. उत्तराखंड सरकार ने 21 जून को होने वाली परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को मुफ्त बस यात्रा सुविधा देने का फैसला किया है. इस कदम का उद्देश्य दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को राहत देना और परीक्षा केंद्र तक उनकी पहुंच को आसान बनाना है. सरकार की ओर से जल्द ही इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किए जाने की तैयारी है. परिवहन विभाग को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
मुख्य सचिव ने दिए विशेष निर्देश
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारियों के साथ परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने फ्री यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से मुक्त होनी चाहिए. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया.
योग दिवस की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. सभी जिलों को आयोजन स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन चाहता है कि परीक्षा और योग दिवस दोनों कार्यक्रम बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हों. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी छात्रों से परीक्षा को लेकर चिंता छोड़कर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इस बार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और त्रुटिरहित बनाने के लिए अतिरिक्त सावधानियां बरती जा रही हैं. उनके अनुसार प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे.
Also Read
- 'हमारा मिशन पूरा...', होर्मुज के पास ईरान के तीन ठिकानों पर हमला; अमेरिका हुआ गदगद
- बेन स्टोक्स के करियर पर मंडरा रहा खतरा! विवाद के बाद कप्तानी छोड़ने या संन्यास लेने पर कर रहे विचार
- 15 जून को कैंची धाम में उमड़ेगा आस्था का महासागर, पहुंचेंगे एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु; जंगलों के बीच बनेगा खास रास्ता
राज्यों से मांगा गया सहयोग
शिक्षा मंत्री ने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग देने का अनुरोध भी किया है. उन्होंने बताया कि कई राज्यों में पहले ही मुख्य सचिवों, पुलिस अधिकारियों और जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं. इन बैठकों में परीक्षा सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई है ताकि किसी भी चुनौती से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके.