उत्तराखंड में मानसून की धमाकेदार एंट्री... नदियां उफान पर, राफ्टिंग बंद; स्कूलों की छुट्टियां
उत्तराखंड में नॉर्थ-ईस्ट दिशा से मानसून ने प्रवेश कर लिया है. देहरादून, नैनीताल समेत अधिकांश जिलों में तेज बारिश हो रही है, जबकि अलकनंदा और रिस्पना जैसी नदियां उफान पर हैं.
उत्तराखंड में मानसून ने आखिरकार दस्तक दे दी है. मंगलवार को नॉर्थ-ईस्ट दिशा से राज्य में मानसून के प्रवेश के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया. हरिद्वार को छोड़कर लगभग सभी जिलों में सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है. देहरादून और नैनीताल में रुक-रुककर तेज बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
बारिश के साथ कई नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है. देहरादून की रिस्पना नदी और रुद्रप्रयाग की अलकनंदा नदी उफान पर हैं. बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. ऋषिकेश में गंगा नदी में राफ्टिंग संचालन फिलहाल बंद कर दिया गया है, जबकि बागेश्वर जिले में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है.
देहरादून और नैनीताल में लगातार बरसे बादल
राजधानी देहरादून में सुबह से कई दौर की तेज बारिश रिकॉर्ड की गई. बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव देखने को मिला और रिस्पना नदी का जलस्तर भी बढ़ गया. वहीं नैनीताल में भी सुबह से तेज बारिश का दौर जारी रहा. मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, मंगलवार के दौरान मानसून ने उत्तराखंड में प्रवेश किया और इसके प्रभाव से पूरे राज्य में वर्षा गतिविधियां बढ़ गई हैं.
Also Read
- ड्रोन कैमरे ने खोला बड़ा राज, हरिद्वार में छतों पर जमा थे पत्थरों के ढेर; पुलिस का 'ऑपरेशन प्रहार' शुरू
- उत्तराखंड के श्रमिकों के लिए बड़ी खुशखबरी, आज से लागू हुई VB-G RAM G योजना; अब साल में कम से कम 125 दिन मिलेगा रोजगार
- दो बेटियों की मन्नत पूरी होने पर पिता ने उठाई कांवड़, हरिद्वार से 170 किलोमीटर लंबी दंडवत यात्रा करेगा शिवभक्त
राफ्टिंग पर अस्थायी रोक, स्कूलों में अवकाश
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और मानसून को देखते हुए ऋषिकेश में मंगलवार शाम से राफ्टिंग सेवाएं बंद कर दी गई हैं. यह प्रतिबंध जुलाई और अगस्त तक प्रभावी रहेगा तथा राफ्टिंग का संचालन 1 सितंबर से दोबारा शुरू किया जाएगा. दूसरी ओर, भारी बारिश के अलर्ट के चलते बागेश्वर जिला प्रशासन ने 1 जुलाई को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है.
कई जिलों में जारी येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़ में देर रात से लगातार बारिश हो रही है. विभाग ने पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है. इसके अलावा कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.
तापमान में दिखा बड़ा अंतर
पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास रहा. रुड़की राज्य का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं नैनीताल के मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है.
अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग ने 1 से 3 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है. विभाग ने लोगों को नदी-नालों के आसपास जाने से बचने, मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है.