menu-icon
India Daily

MDDA की बड़ी सुनवाई: देहरादून मास्टर प्लान पर 6 से 21 जुलाई तक मांगे जाएंगे आपत्ति-सुझाव

एमडीडीए ने पूरे कार्यक्रम का शेड्यूल जारी कर दिया है. सुनवाई सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. इसमें सेक्टर-1 से सेक्टर-12 तक के प्रस्तावित प्रावधानों पर चर्चा होगी. अगर कोई व्यक्ति या संगठन मास्टर प्लान में कोई बदलाव चाहता है तो वह अपनी बात रख सकता है.

antima
Edited By: Antima Pal
MDDA की बड़ी सुनवाई: देहरादून मास्टर प्लान पर 6 से 21 जुलाई तक मांगे जाएंगे आपत्ति-सुझाव
Courtesy: X

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) देहरादून महायोजना-2041 पर जन सुनवाई शुरू करने जा रहा है. 6 जुलाई से 21 जुलाई तक चलेगी यह सुनवाई. इस दौरान आम नागरिक, भू-स्वामी और विभिन्न संस्थाएं अपने सुझाव दे सकेंगे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे.

एमडीडीए ने पूरे कार्यक्रम का शेड्यूल जारी कर दिया है. सुनवाई सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. इसमें सेक्टर-1 से सेक्टर-12 तक के प्रस्तावित प्रावधानों पर चर्चा होगी. अगर कोई व्यक्ति या संगठन मास्टर प्लान में कोई बदलाव चाहता है तो वह अपनी बात रख सकता है.

कहां होगी सुनवाई?

6 जुलाई : प्राइमरी स्कूल अजबपुर खुर्द (सेक्टर-1)
  
7 जुलाई : ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, क्लेमनटाउन (सेक्टर-2)
  
8 जुलाई : दून यूनिवर्सिटी परिसर (सेक्टर-3)
  
9 जुलाई : नगर निगम टाउन हॉल (सेक्टर-4)
  
10 जुलाई : महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर (सेक्टर-5)
  
13 जुलाई : आईटीआई पार्क (सेक्टर-6)
  
14 जुलाई : जीआरडी यूनिवर्सिटी, राजपुर रोड (सेक्टर-7)
  
15 जुलाई : सीएनआई गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजपुर रोड (सेक्टर-8)

बाकी सेक्टरों की तारीखें भी जल्द जारी कर दी जाएंगी. 

लोगों की भागीदारी जरूरी

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि मास्टर प्लान शहर के अगले 20 सालों के विकास का महत्वपूर्ण दस्तावेज है. इसमें आवासीय क्षेत्र, बाजार, पार्क, सड़कें, अस्पताल, स्कूल और औद्योगिक क्षेत्रों की योजना शामिल है. उन्होंने कहा कि जनता के सुझाव और आपत्तियों को गंभीरता से लिया जाएगा. जरूरत पड़ने पर मास्टर प्लान में बदलाव भी किए जाएंगे. 

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से चलाई जाएगी. हर सुनवाई स्थल पर अधिकारी मौजूद रहेंगे. वे सुझाव और आपत्तियों को ठीक से दर्ज करेंगे. पहले दर्ज की गई आपत्तियों के अलावा लोग नई आपत्तियां भी दे सकते हैं.

शहर का भविष्य

देहरादून मास्टर प्लान 2041 में शहर को व्यवस्थित, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने की योजना है. इसमें ट्रैफिक प्रबंधन, हरित क्षेत्र बढ़ाने, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और स्मार्ट विकास पर खास ध्यान दिया गया है. एमडीडीए अधिकारियों का कहना है कि आम लोगों की भागीदारी से ही यह प्लान और बेहतर बनेगा. इसलिए सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपनी सुविधा अनुसार किसी भी दिन सुनवाई स्थल पर पहुंचकर अपने विचार रखें.