खेलों के मैदान से विकसित भारत तक, राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तराखंड के युवाओं से जुड़ेंगे पीएम मोदी; 13 केंद्रों पर होगा खेलो इंडिया संवाद
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को उत्तराखंड के 13 प्रमुख शिक्षण संस्थानों में खेलो इंडिया संवाद आयोजित किया जाएगा.
देहरादून: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में खेल और युवा सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए 27 अगस्त को खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. प्रदेश के 13 प्रमुख शिक्षण संस्थानों में होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी शामिल होंगे. कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे.
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के करीब 1600 स्थानों पर मौजूद आठ लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे. उत्तराखंड के 13 संस्थानों में भी युवा इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे. इस दौरान खेलों के विकास, युवा सहभागिता, नेतृत्व और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर चर्चा होगी.
क्या है कार्यक्रम का उद्देश्य?
खेलो इंडिया संवाद के माध्यम से युवाओं को खेल के क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों के दौरान हुए बदलावों और देश में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र से परिचित कराया जाएगा. कार्यक्रम का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों और देश के भविष्य को एक साझा मंच प्रदान करना है, ताकि वे खेलों के प्रति अपनी रुचि और भागीदारी को और मजबूत कर सकें.
Also Read
राष्ट्रीय खेल दिवस हर साल 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है. इस वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस से जुड़े कार्यक्रमों के तहत 27 अगस्त को देशभर में खेलो इंडिया संवाद आयोजित किए जा रहे हैं. इन कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा.
उत्तराखंड के इन 13 संस्थानों में होगा आयोजन
उत्तराखंड में राजकीय पीजी कॉलेज कर्णप्रयाग, ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय देहरादून, देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार, एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर, डीवीएस कॉलेज देहरादून, फीनिक्स विश्वविद्यालय रुड़की, एशियन एकेडमी पिथौरागढ़, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी, पीजी कॉलेज उत्तरकाशी, पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि और पीजी कॉलेज जखोली में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
सुबह 10 बजे तक पहुंचेंगे प्रतिभागी
कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों और युवा प्रतिभागियों की उपस्थिति सुबह 10 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित होगा. इसमें माय भारत स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक और स्थानीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.
इस दौरान युवा खेलों से जुड़े अपने अनुभव और विचार साझा कर सकेंगे. कार्यक्रम के जरिए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा. उत्तराखंड में 13 स्थानों पर आयोजन से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के युवाओं को इस संवाद से जुड़ने का अवसर मिलेगा.