खराब मौसम के बीच केदारनाथ यात्रा पर लगी रोक, उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में मौसम का हाल खराब है. मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इसी बीच यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल के लिए केदारनाथ यात्रा पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है.
उत्तराखंड में मौसम अचानक बिगड़ गया है. जिसके कारण चारधाम की यात्रा करने पहुंचे हजारों पर्यटक फंस गए हैं. मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है. मौसम को देखते हुए अभी श्रद्धालुओं के लिए केदारनाथ यात्रा पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है.
यह फैसला तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर लिया गया है. अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक मौसम की स्थिति में सुधार होने के बाद यात्रा फिर से शुरू की जाएगी. अभी पहले वहां फंसे यात्रियों को निकाला जा रहा है.
मौसम विभाग ने दी जानकारी
मौसम में आए इस बदलाव की वजह से अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई अहम निर्देश दिए हैं. कई यात्रियों को श्रीनगर सहित अन्य निर्धारित पड़ावों पर तब तक के लिए रोका गया है, जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता और यात्रा मार्ग को सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता. भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से उत्तराखंड के कई हिस्सों में बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. साथ ही, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है. मौसम बुलेटिन के अनुसार, अधिकांश पहाड़ी जिलों और हरिद्वार में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.
इन जिलों में तेज बारिश की चेतावनी
IMD ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इसके अलावा गरज-चमक के साथ-साथ 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है. इसी तरह की ऊंचाई पर स्थित शेष जिलों के कुछ स्थानों पर भी बर्फबारी होने की संभावना है. इसके अलावा 4,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले ऊपरी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बर्फबारी होने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि खराब मौसम की स्थिति राज्य में यात्रा और तीर्थयात्रा संबंधी गतिविधियों को प्रभावित कर सकती है.