देहरादून: मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक कार तीव्र ढलान पर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. इस भीषण कार दुर्घटना में दो महिलाओं समेत कार में सवार चारों यात्रियों की मौत हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस, आपदा मोचन बल, अग्निशमन सेवा और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं.
स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि कार सवारों ने दुर्घटना से कुछ देर पहले पास की एक दुकान से सामान खरीदा था और बातचीत में उन्होंने स्वयं को उत्तरकाशी का निवासी बताया था. सामान लेकर जैसे ही वे कार में बैठे, वाहन तेजी से ढलान की ओर बढ़ने लगा. चालक के नियंत्रण खोने के बाद कार एक खाली भूखंड से होकर गुजरी और गहरी खाई में जा गिरी.
मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में सोनीपत के रहने वाले सत्यप्रकाश, मनीत, सविता पत्नी धर्मवीर और संगीता की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही थाना मसूरी पुलिस बल ने सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरु किया. राज्य आपदा मोचन बल की टीम ने खाई से शवों को बाहर निकाल लिया है. इस बचाव कार्य में अग्निशमन सेवा और 108 आपातकालीन सेवा ने बचाव में सहयोग किया. वहीं स्थानिय लोगों ने भी बचाव कार्य में पुलिस की मदद किया. मामले की जांच शुरु कर दी गई है.
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण तीव्र ढलान पर वाहन के ब्रेक का अचानक फेल होना बताया जा रहा है. मसूरी के पहाड़ी मार्गों पर तीव्र ढलानें आम हैं और इन मार्गों पर वाहन की तकनीकी स्थिति का सही होना अत्यंत आवश्यक है. पुलिस ने मामले की विधिवत जांच शुरू कर दी है और वाहन के तकनीकी दोष का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं.
देहरादून में इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आती हैं जो पर्वतीय मार्गों पर वाहन सुरक्षा की जरूरत को रेखांकित करती हैं. विशेषज्ञों के अनुसार पहाड़ी यात्रा से पहले वाहन के ब्रेक, टायर और इंजन की पूरी जांच करवाना अनिवार्य है. तीव्र ढलान वाले मार्गों पर वाहन की गति नियंत्रित रखना और निम्न गियर का उपयोग करना जीवन बचाने के लिए जरूरी है.