menu-icon
India Daily

जसपाल राणा के बाद उनकी मां का निधन, टिहरी में नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

दिवंगत अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा की मां श्यामा देवी का टिहरी के पैतृक गांव चिलामू में अंतिम संस्कार किया गया. बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
जसपाल राणा के बाद उनकी मां का निधन, टिहरी में नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
Courtesy: social media

टिहरी जनपद में सोमवार को शोक का माहौल देखने को मिला, जब दिवंगत निशानेबाज जसपाल राणा की मां श्यामा देवी को अंतिम विदाई दी गई. लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हुआ था. उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार यमुना तट स्थित पैतृक गांव में किया गया.

पैतृक गांव में उमड़ा जनसैलाब

श्यामा देवी की अंतिम यात्रा में क्षेत्र के लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली. चिलामू नैनबाग गांव में आयोजित अंतिम संस्कार में हजारों लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. यमुना नदी के तट पर पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ. शोक की इस घड़ी में नैनबाग और सुमन क्यारी बाजार पूरी तरह बंद रहे. स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया और परिवार के साथ अपनी संवेदनाएं साझा कीं.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि हाल के दिनों में राणा परिवार लगातार गहरे दुख से गुजर रहा है. कुछ समय पहले ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले जसपाल राणा का निधन हुआ था. अब उनकी मां के देहांत ने परिवार को एक और बड़ा आघात दिया है. ग्राम प्रधान मनीष चौहान ने कहा कि पिता नारायण सिंह राणा के लिए यह बेहद कठिन समय है और पूरा क्षेत्र उनके साथ खड़ा है.

अंतिम विदाई में छलके भावुक पल

अंतिम संस्कार के दौरान कई भावुक दृश्य देखने को मिले. श्यामा देवी को मुखाग्नि उनके छोटे पुत्र सुभाष राणा और जसपाल राणा के पुत्र युवराज सिंह ने दी. उनकी बेटी सुषमा राणा सिंह ने भी अपनी मां की अर्थी को कंधा देकर अंतिम विदाई दी. इस अवसर पर मौजूद लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाया. मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि जसपाल राणा और उनकी माता के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और सभी लोग परिवार के दुख में सहभागी हैं.