menu-icon
India Daily

'खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार प्रतिबद्ध', उत्तराखंड में आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के आयोजन पर बोलीं खेल मंत्री

उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने 21वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के दौरान कहा कि आधुनिक हिमाद्रि आइस रिंक उत्तराखंड को शीतकालीन खेलों के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में नई पहचान दिला रहा है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार प्रतिबद्ध', उत्तराखंड में आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के आयोजन पर बोलीं खेल मंत्री
Courtesy: ANI

उत्तराखंड सरकार राज्य को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. विशेष रूप से शीतकालीन खेलों के विकास को लेकर सरकार की पहल अब सकारात्मक परिणाम देने लगी है. इसी क्रम में देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के हिमाद्रि आइस रिंक में 21वीं राष्ट्रीय आइस स्केटिंग चैंपियनशिप आयोजित की गई.

प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके भविष्य को भी सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है.

खेलों को बढ़ावा देने का प्रयास

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है. आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में तेजी से अपनी अलग पहचान बना रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों का ही परिणाम है कि गर्मियों के मौसम में भी शीतकालीन खेलों का आयोजन संभव हो पाया है. इसके लिए विश्वस्तरीय हिमाद्रि आइस रिंक की स्थापना की गई है, जहां देशभर से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुंच रहे हैं.

हिमाद्रि आइस रिंक बना आकर्षण का केंद्र

रेखा आर्या ने कहा कि हिमाद्रि आइस रिंक देश का एकमात्र और सबसे आधुनिक विश्वस्तरीय इनडोर आइस रिंक है. यह सुविधा न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का मंच उपलब्ध करा रही है. उन्होंने कहा कि इस तरह की आधुनिक खेल अवसंरचना से खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा और वे राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे.

खेल मंत्री ने बताया कि चैंपियनशिप के दौरान खिलाड़ी शॉर्ट ट्रैक और फिगर स्केटिंग जैसी ओलिंपिक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की तैयारी भी मजबूत होती है. रेखा आर्या ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय आइस स्केटिंग चैंपियनशिप जैसे आयोजन उत्तराखंड को देश में शीतकालीन खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.