देहरादून के डालनवाला इलाके में गुरुवार दोपहर घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को वहीं से हिरासत में ले लिया.
पुलिस के अनुसार, डालनवाला में रहने वाले रामजी पाल और उनकी पत्नी सोनू पाल के बीच गुरुवार को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. दोनों के बीच पहले भी मनमुटाव रहने की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि बहस के दौरान रामजी अपना आपा खो बैठा और उसने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया. घटना के बाद भी आरोपी घर से बाहर नहीं गया और वहीं मौजूद रहा. घर से तेज आवाज में चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर मकान मालिक दीपक भसीन को शक हुआ. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई. महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है.
सोनू और रामजी पाल मूल रूप से अयोध्या के रहने वाले बताए जा रहे हैं. दोनों करीब तीन महीने पहले ही अपने गांव से देहरादून आए थे और मोहनी रोड स्थित एक मकान के पीछे बने सर्वेंट क्वार्टर में रह रहे थे. यह मकान रिटायर्ड आईएफएस अधिकारी सीएल दीपक भसीन का बताया गया है. सोनू वहां घरेलू काम और साफ-सफाई करती थी. वहीं रामजी राजमिस्त्री के तौर पर काम करता था. दंपती के तीन बच्चे हैं और घटना के समय वे स्कूल गए हुए थे. पुलिस अब परिवार के लोगों और आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.
वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाने शुरू कर दिए. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार को बरामद कर लिया है. इसके बाद आरोपी को दोबारा घटनास्थल पर लाया गया, जहां पुलिस की टीम उसके साथ घटना का सीन रीक्रिएट कर रही है. इसका मकसद वारदात के पूरे क्रम को समझना और यह पता लगाना है कि हमला किस तरह हुआ. मौके पर फोरेंसिक टीम भी पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाए. डालनवाला सीओ नितिन लोहानी के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है. उसका कहना है कि दोनों के बीच सामान्य झगड़ा हुआ था लेकिन वह ज्यादा गुस्से में आ गया. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.