हल्द्वानी: हल्द्वानी-सितारगंज मार्ग पर एक बार फिर सड़क दुर्घटना ने लोगों को चौंका दिया है. चोरगलिया कोतवाली क्षेत्र के पास देर रात डंपर और कार की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तुरंत उसमें आग लग गई. दुर्घटना देखते ही आस-पास के राहगीर और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े. लोगों ने बड़ी सूझबूझ दिखाई और कार का दरवाजा तोड़कर दोनों फंसे युवकों को बाहर निकाला. समय पर कार में लगी आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
अगर आग पर काबू न पाया जाता तो दोनों युवकों की जान जा सकती थी. जानकारी के अनुसार दोनों युवक सितारगंज से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे डंपर ने उनकी कार को चपेट में ले लिया. टक्कर की वजह से कार सड़क पर बेकाबू हो गई. हादसे के बाद मौके पर पहुंचे सामाजिक कार्यकर्ता भवन पोखरिया ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर घायलों को तुरंत एक निजी वाहन में अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल दोनों युवकों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
इस हादसे में स्थानीय लोगों की त्वरित प्रतिक्रिया ने दो युवकों की जान बचाई. अगर वे थोड़ी देर भी करते तो स्थिति और खराब हो सकती थी. सामाजिक कार्यकर्ता भवन पोखरिया ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में आम नागरिकों की त्वरित मदद बहुत जरूरी है. उन्होंने प्रशासन से अपील की कि इस मार्ग पर रात के समय ट्रैफिक निगरानी बढ़ाई जाए.हल्द्वानी-सितारगंज मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है. खासकर रात के समय डंपर और तेज रफ्तार कारों की वजह से हादसों का खतरा बढ़ जाता है. पिछले कुछ समय में इस मार्ग पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं.