उत्तराखंड में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज, 4 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं. मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच सोमवार को मौसम का रुख और तल्ख होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली के साथ बारिश का दौर बेहद तेज हो सकता है. ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से खुले और संवेदनशील स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है.
11 जिलों में भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक चार जिलों के अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश के दौर आने की संभावना जताई गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम का यह बदलाव लोगों के साथ-साथ सड़क और यातायात व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन सकता है.
Also Read
उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में रविवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही. देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में कभी धूप तो कभी बादल नजर आए. दोपहर बाद कुछ स्थानों पर बारिश की बौछारें भी पड़ीं. उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए. रात में देहरादून के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना होने के साथ ही बारिश का असर भी साफ नजर आया.
पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा
मौसम विभाग ने भारी बारिश को देखते हुए संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. तेज बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़कें बंद होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति पैदा हो सकती है. ऐसे में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही आगे बढ़ने की सलाह दी गई है. देहरादून में अधिकतम तापमान 33.5 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंतनगर में तापमान 33.5 और 26.4 डिग्री रहा. मुक्तेश्वर में अधिकतम 20.6 और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि नई टिहरी में 26.4 और 16.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ.