उत्तराखंड कांग्रेस में फिर हलचल, ED कार्रवाई के बाद हरीश रावत ने भेजा इस्तीफे की पेशकश का पत्र
हरीश रावत ने चंदन सिंह जीना के आवास पर ईडी की कार्रवाई के बाद कांग्रेस के कुछ संगठनात्मक पदों से इस्तीफे की पेशकश की है. उनका पत्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को मिल चुका है.
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत के इस्तीफे की पेशकश को लेकर प्रदेश कांग्रेस में चर्चा तेज हो गई है. रावत ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को पत्र भेजकर प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य समेत अपने कुछ संगठनात्मक पदों से हटने की पेशकश की है. यह पत्र 17 सितंबर को गोदियाल को प्राप्त हुआ.
यह घटनाक्रम रावत के पूर्व ओएसडी और वर्तमान निजी सहायक चंदन सिंह जीना के देहरादून स्थित आवास पर प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई के बाद सामने आया है. रावत ने कहा था कि वह नहीं चाहते कि उनसे जुड़े किसी मामले या कार्रवाई का असर कांग्रेस की भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम पर पड़े. उन्होंने पार्टी से इस्तीफा देने की बात नहीं कही है, बल्कि कुछ संगठनात्मक पदों से हटने की पेशकश की है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कहा?
रावत के पत्र पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि रावत पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उनके इस्तीफे का प्रश्न नहीं उठता. वहीं रावत ने पहले भी स्पष्ट किया था कि उनका कांग्रेस पार्टी से अलग होने का इरादा नहीं है. उनका कहना है कि कांग्रेस से उनका जुड़ाव बना रहेगा.
Also Read
ED की कार्रवाई के बाद शुरू हुआ घटनाक्रम
ईडी ने चंदन सिंह जीना के देहरादून स्थित आवास पर 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत तलाशी ली थी. ईडी के अनुसार, तलाशी के दौरान 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी, करीब 200.5 ग्राम सोना और 12 लग्जरी घड़ियां बरामद की गईं. जीना 2014 से 2017 के बीच हरीश रावत के मुख्यमंत्री रहने के दौरान उनके ओएसडी रहे थे और वर्तमान में उनके निजी सहायक हैं.
रावत ने इस कार्रवाई के बाद कहा था कि वह पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य पद से हटने की पेशकश करेंगे. उनका कहना था कि उनकी वजह से कांग्रेस की भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए.
अब प्रदेश अध्यक्ष को पत्र मिलने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है. रिपोर्टों के मुताबिक, रावत राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मुलाकात कर अपने राष्ट्रीय स्तर के पद से इस्तीफे की पेशकश कर सकते हैं. हालांकि कांग्रेस से अलग होने की बात उन्होंने नहीं कही है.