भारत में व्यक्तिगत हवाई परिवहन की नई संभावनाओं को लेकर काम कर रहे रवि टम्टा के प्रोजेक्ट को बड़ा प्रोत्साहन मिला है. नई दिल्ली में उनकी मुलाकात केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से हुई. इस दौरान उड़ने वाले वाहन के प्रोटोटाइप और उसके आगे के विकास पर विस्तार से चर्चा हुई.
Hapida Skynex के संस्थापक रवि टम्टा ने नितिन गडकरी को अपने उड़ने वाले वाहन के प्रोटोटाइप की जानकारी दी. गडकरी ने इस परियोजना को व्यक्तिगत हवाई परिवहन के क्षेत्र में संभावनाओं वाला प्रयास बताया. उन्होंने इसे आगे बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से तकनीकी सहायता, वित्तीय सहयोग और जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया. परियोजना को संस्थागत स्तर पर सहयोग मिलने से इसके विकास और परीक्षण की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है.
गडकरी ने इस पहल को केवल एक नए वाहन के तौर पर देखने के बजाय भारत में व्यक्तिगत हवाई परिवहन की नई अवधारणा से जोड़कर देखा. रवि टम्टा का कहना है कि उनकी टीम सड़क परिवहन से आगे बढ़कर आकाश आधारित व्यक्तिगत परिवहन की संभावनाओं पर काम करना चाहती है. उन्होंने देशवासियों से परियोजना के लिए सहयोग और मार्गदर्शन जारी रखने की अपील भी की है.
नई दिल्ली में हुई इस मुलाकात के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे. रवि टम्टा के अनुसार, सरकारी स्तर से मिलने वाला तकनीकी और वित्तीय सहयोग इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है. अब टीम का लक्ष्य प्रोटोटाइप के विकास को आगे बढ़ाना और व्यक्तिगत हवाई परिवहन की इस अवधारणा को तकनीकी रूप से मजबूत करना है.