US Israel Iran War

गलत साइड आ रही बाइक और कार में हुई जोरदार टक्कर, हवा में उछले युवक; दिल दहला देने वाला वीडियो आया सामने

हल्द्वानी के गौरा पड़ाव में एक तेज रफ्तार कार और गलत साइड से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर का वीडियो वायरल हो गया है. हादसे में बाइक सवार दो युवक हवा में उछल गए.

Video Grap
Km Jaya

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी के गौरा पड़ाव इलाके से एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना का वीडियो सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर लोगों को झकझोर दिया है. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जिसमें एक तेज रफ्तार कार और गलत साइड से आ रही बाइक की जोरदार टक्कर दिखाई दे रही है. 

वीडियो में दो युवक मोटरसाइकिल पर गलत दिशा से आते दिख रहे हैं और अचानक ही हाईवे के बीच में कट से मुड़ने की कोशिश करते हैं. उसी समय लालकुआं की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार सीधी बाइक से टकरा जाती है. टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पर बैठे दोनों युवक हवा में उछल गए. फुटेज में साफ दिखाई देता है कि टक्कर के बाद एक युवक जोर से डिवाइडर से टकराता है.

देखें वीडियो

कैसी है युवकों की हालत?

दोनों युवकों की हालत क्या हुई यह अभी साफ नहीं है, लेकिन वीडियो देखने वाले लोग इसे बेहद खौफनाक बता रहे हैं. यह हादसा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और अभी तक इसे डेढ़ लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं. यह घटना फिर से उस गंभीर समस्या की ओर इशारा करती है जो भारत के कई शहरों में आम हो चुकी है, वह है गलत साइड ड्राइविंग. 

स्थानीय लोगों ने क्या बताया?

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर वाहन गलत दिशा में चलते हुए देखे जाते हैं. इसी वजह से यहां कई बार हादसे हो चुके हैं. कुछ समय पहले इसी जगह एक स्कूल बस भी गलत साइड से आते हुए पकड़ी गई थी. उस समय कुमाऊं के कमिश्नर दीपक रावत ने कार्रवाई की थी, लेकिन उसके बाद भी स्थिति में खास सुधार नहीं दिखा. 

किसकी थी गलती?

पैदल यात्रियों और आम लोग भी इस हाईवे पर गलत दिशा में आने वाली गाड़ियों से परेशान हैं क्योंकि यह न सिर्फ ड्राइवर बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा बनता है. कार चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की थी लेकिन गति अधिक होने के कारण नियंत्रण नहीं रख पाया और दुर्घटना हो गई. स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि इस इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाए और गलत दिशा में आने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए.

सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को देखकर नाराजगी जता रहे हैं. कई लोगों ने कहा कि गलत साइड ड्राइविंग रोकने के लिए कड़े जुर्माने और जागरूकता अभियान की जरूरत है.