देहरादून में मच्छरों का बढ़ता आतंक, डेंगू का खतरा बरकरार, तीन नए मरीज मिलने से बढ़ी चिंता

देहरादून में शनिवार को 980 सैंपल की जांच में तीन नए डेंगू मरीज मिले हैं. इसके साथ जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 112 हो गई है. इनमें 103 मरीज ठीक हो चुके हैं और नौ का इलाज चल रहा है.

Pinterest
Km Jaya

देहरादून: देहरादून में डेंगू का खतरा अभी कम होता नजर नहीं आ रहा है. मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के बीच शनिवार को तीन और लोगों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई. स्वास्थ्य विभाग की 29 अगस्त की डेंगू एलाइजा रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को 980 सैंपल की जांच की गई थी. इनमें तीन सैंपल पॉजिटिव मिले. नए संक्रमितों में दो मरीज हरिद्वार और एक उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है.

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में अब तक 21,969 सैंपल की जांच की जा चुकी है. इनमें कुल 112 लोगों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई है. संक्रमितों में 54 देहरादून के और 58 दूसरे राज्यों या जिलों के हैं. राहत की बात यह है कि अब तक डेंगू से किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है.

103 मरीज हुए ठीक, 9 का इलाज जारी

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, डेंगू से संक्रमित 103 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं. फिलहाल नौ मरीज संक्रमित हैं और अलग-अलग अस्पतालों में उनका उपचार चल रहा है. स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संक्रमण को रोकने के लिए प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाई जा रही है.


10 हजार से ज्यादा घरों में हुआ सर्वे

डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर सर्वे और सोर्स रिडक्शन अभियान तेज कर दिया है. शनिवार को आशा कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की टीमों ने जिले में 10,425 घरों का सर्वे किया. इस दौरान पानी जमा होने वाले 68,924 कंटेनरों और अन्य स्थानों की जांच की गई.

सर्वे के दौरान 177 घरों में डेंगू का लार्वा मिला. वहीं 253 कंटेनर भी लार्वा के लिए पॉजिटिव पाए गए. टीमों ने मौके पर ही लार्वा को नष्ट किया और लोगों को आसपास साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक किया.

7.80 लाख से ज्यादा घरों की जांच

स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवकों की ओर से अब तक 7,80,524 घरों का सर्वे किया जा चुका है. इनमें 13,964 घरों में डेंगू का लार्वा मिला है. इसके अलावा 49,14,771 कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें 17,375 कंटेनर पॉजिटिव पाए गए. स्वास्थ्य विभाग का जोर मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने पर है. लोगों से अपील की जा रही है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें. कूलर, गमले, टायर, छतों और अन्य जगहों पर जमा पानी की नियमित सफाई करें.

देहरादून में नए मामलों के सामने आने से डेंगू को लेकर चिंता बनी हुई है. हालांकि, अब तक किसी मौत का मामला सामने नहीं आना राहत की बात है. स्वास्थ्य विभाग का घर-घर सर्वे और लार्वा नष्ट करने का अभियान लगातार जारी है.