दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचने में अब नहीं लगेगा पूरा दिन, जानिए कब दौड़ेगी नमो भारत ट्रेन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल के बाद दिल्ली मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर को हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है. परियोजना पूरी होने पर यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक सफर का लाभ मिलेगा.
देहरादून: दिल्ली से ऋषिकेश का सफर अब महज ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा. नमो भारत ट्रेन को हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सरकार के साथ एनसीआरटीसी के बीच सहमति बनने के बाद परियोजना को नई गति मिली है. दिल्ली और उत्तराखंड के बीच यात्रा करने वाले लाखों लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. डबल इंजन सरकार की पहल से अब दिल्ली से ऋषिकेश का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज होने जा रहा है. नमो भारत ट्रेन यानी आरआरटीएस नेटवर्क को हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है.
मुख्यमंत्री धामी की पहल से आगे बढ़ी परियोजना
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर दिल्ली मेरठ आरआरटीएस नेटवर्क को हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ाने का आग्रह किया था. इसके बाद उत्तराखंड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम के बीच प्रस्तावित कॉरिडोर को लेकर सहमति बन गई है.
150 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर की तैयारी
प्रस्तावित कॉरिडोर की कुल लंबाई लगभग 150 किलोमीटर होगी. इसमें करीब 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में और शेष 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में पड़ेगा. नया ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार होते हुए ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र तक पहुंचेगा. परियोजना की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कराने के लिए उत्तराखंड सरकार ने 7.02 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का निर्णय लिया है. इससे परियोजना की तकनीकी और वित्तीय तैयारियों को गति मिलेगी.
Also Read
परियोजना के लिए नियुक्त हुए नोडल अधिकारी
परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है. वहीं एनसीआरटीसी और उत्तर प्रदेश सरकार ने भी अपने स्तर पर नोडल अधिकारी तैनात कर दिए हैं. अब परियोजना का अगला महत्वपूर्ण चरण फिजिबिलिटी सर्वे होगा. इस सर्वे में प्रस्तावित रूट की तकनीकी व्यवहार्यता, संभावित स्टेशन, यात्रियों की संख्या, भूमि अधिग्रहण, निर्माण लागत और पर्यावरणीय प्रभाव का अध्ययन किया जाएगा. साथ ही कुंभ मेले और पर्यटन सीजन के दौरान संभावित यात्री दबाव का भी आकलन होगा.
दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचना होगा बेहद आसान
वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश तक सड़क मार्ग से पहुंचने में लगभग पांच से छह घंटे का समय लगता है. लेकिन नमो भारत ट्रेन शुरू होने के बाद यही सफर करीब ढाई घंटे में पूरा किया जा सकेगा. इससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी. इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र को मिलेगा. हरिद्वार और ऋषिकेश आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी. इसके अलावा व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. परियोजना पूरी होने के बाद हरिद्वार और ऋषिकेश देश के सबसे आधुनिक क्षेत्रीय रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगे, जिससे उत्तराखंड के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.