देहरादून की इस गली में मिलते हैं 30 के वेज कबाब, स्वाद ऐसा कि नॉनवेज खाने वाले भी हो जाते हैं फैन
देहरादून के पलटन बाजार स्थित मानवी फास्ट फूड अपने खास सोयाबीन वेज कबाब के लिए लोगों की पहली पसंद बन चुका है. करीब 30 साल पुराने इस स्वाद की विरासत को आगे बढ़ाते हुए आकाश प्रजापति मात्र 30 रुपये में प्रोटीन से भरपूर, क्रिस्पी और स्वादिष्ट कबाब परोस रहे हैं.
देहरादून का पलटन बाजार सिर्फ खरीदारी के लिए ही नहीं, बल्कि अपने लाजवाब स्ट्रीट फूड के लिए भी जाना जाता है. बाजार की भीड़ और घंटों की शॉपिंग के बाद अगर कुछ स्वादिष्ट और किफायती खाने का मन हो, तो मोती बाजार सब्जी मंडी के पास स्थित मानवी फास्ट फूड बेहतरीन विकल्प बन सकता है. यहां मिलने वाले सोयाबीन वेज कबाब अपने अनोखे स्वाद की वजह से तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं. कम कीमत, हेल्दी सामग्री और खास मसालों से तैयार ये कबाब स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी खूब पसंद आ रहे हैं.
30 साल पुराने स्वाद की नई पहचान
मानवी फास्ट फूड के संचालक आकाश प्रजापति बताते हैं कि उनके पिता पिछले 30 वर्षों से राजमा-चावल और कढ़ी-चावल का कारोबार कर रहे थे. समय के साथ उन्होंने फास्ट फूड की बढ़ती मांग को देखते हुए मोमो, चाऊमीन और फिर सोयाबीन वेज कबाब की शुरुआत की, जिसे ग्राहकों ने हाथों-हाथ अपना लिया.
सोयाबीन, सब्जियां और सीक्रेट मसालों का कमाल
इन खास कबाबों को तैयार करने के लिए पहले सोयाबीन चंक्स को पानी में भिगोया जाता है. इसके बाद गाजर, शिमला मिर्च, प्याज और हरी मिर्च को खास मसालों के साथ पकाया जाता है. मिश्रण को कबाब का आकार देकर हल्का फ्राई किया जाता है और ऑर्डर मिलने पर दोबारा डीप फ्राई कर गर्मागर्म टमाटर की तीखी चटनी के साथ परोसा जाता है.
Also Read
स्वाद ऐसा कि पर्यटक भी दोबारा पहुंच रहे
उत्तर प्रदेश से देहरादून घूमने आए एक पर्यटक गुड्डू ने बताया कि उन्होंने पहले यहां मोमो और चाऊमीन खाया, लेकिन सोयाबीन कबाब का स्वाद इतना पसंद आया कि अगले ही दिन फिर उसी दुकान पर कबाब खाने पहुंच गए. यही वजह है कि यह स्टॉल धीरे-धीरे फूड लवर्स की पसंद बनता जा रहा है.
जेब पर हल्का, स्वाद में दमदार
इस स्टॉल की सबसे बड़ी खासियत इसकी किफायती कीमत है. यहां हाफ प्लेट सोयाबीन कबाब सिर्फ 30 रुपये में मिलती है, जबकि फुल प्लेट की कीमत 50 रुपये है. इसके अलावा प्लेन वेज रोल, चीज कॉर्न रोल और क्रंची रोल जैसे कई अन्य फास्ट फूड भी ग्राहकों के लिए उपलब्ध हैं.
बरसात में और बढ़ जाता है इसका मजा
बरसात के मौसम में गरमागरम वेज कबाब का स्वाद लोगों को खासा आकर्षित करता है. बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम ये कबाब स्वाद के साथ प्रोटीन का भी अच्छा स्रोत हैं. यही कारण है कि देहरादून आने वाले फूड लवर्स इस जगह को अपनी फूड लिस्ट में जरूर शामिल कर रहे हैं.