Sawan 2026

15 अगस्त को देहरादून परेड मैदान बनेगा जीरो जोन, इन रूटों पर बदलेगा ट्रैफिक

जिलाधिकारी आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने खुद परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया. इसके बाद एसएसपी ने अधिकारियों की बैठक बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. पूरी पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी को सौंपी गई है.

X
Antima Pal

Dehradun Traffic Diversion: देहरादून में 15 अगस्त को परेड मैदान पूरी तरह जीरो जोन रहेगा. 80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के लिए पुलिस ने यातायात और सुरक्षा का खास प्लान तैयार किया है. कार्यक्रम के दौरान परेड ग्राउंड के चारों तरफ का इलाका बंद रहेगा. सिर्फ वीआईपी और पास वाले वाहन ही तय जगहों से आगे जा सकेंगे.

15 अगस्त को देहरादून परेड मैदान बनेगा जीरो जोन

जिलाधिकारी आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने खुद परेड ग्राउंड का निरीक्षण किया. इसके बाद एसएसपी ने अधिकारियों की बैठक बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. पूरी पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी को सौंपी गई है. कार्यक्रम स्थल को चार सेक्टर और दो कॉर्डन में बांटा गया है. इनकी कमान सीओ स्तर के अफसरों के पास रहेगी. आसपास 12 इनर और आउटर पॉइंट पर बैरियर लगाकर पुलिस बल तैनात किया जाएगा.

इन रूटों पर बदलेगा ट्रैफिक

छह आउटर पॉइंट जैसे ईसी रोड सर्वे चौक, बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक और पैसिफिक तिराहा से सिर्फ वीआईपी और पासधारक वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे. पांच इनर पॉइंट जैसे रोजगार तिराहा, कनक चौक, लैंसडौन चौक और कॉन्वेंट तिराहा से पासधारकों को छोड़कर किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जाएगा. वीआईपी वाहन गेट नंबर एक से घुसकर मंच के पीछे पार्क होंगे.


पब्लिक ट्रांसपोर्ट के रूट भी बदलेंगे. धर्मपुर, रायपुर, आईएसबीटी, प्रेमनगर और राजपुर रूट के विक्रम आयोजन स्थल से पहले ही सहस्रधारा क्रॉसिंग, रेलवे गेट और तहसील चौक से वापस भेज दिए जाएंगे. सिटी बसों के रूट में भी बदलाव होगा. आईएसबीटी से राजपुर जाने वाली बसें दर्शनलाल चौक से घंटाघर होते हुए जाएंगी. रिस्पना और रायपुर की तरफ से आने वाली बसों को भी दूसरी तरफ मोड़ा जाएगा.

आम लोगों, परेड में भाग लेने वालों, पुलिस और मीडिया के वाहन रेंजर्स ग्राउंड, मंगला देवी इंटर कॉलेज और दून क्लब में पार्क होंगे. यहां से दर्शक पैदल गेट नंबर चार और पांच से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे. राजपुर रोड से आने वाले लोग सेंट जोसेफ स्कूल के किनारे और लार्ड वेंकटेश वेडिंग पॉइंट पर गाड़ी खड़ी कर सकेंगे.

पुलिस ने सभी से अपील की है कि वे इन बदलावों का ध्यान रखें और समय से निकलें ताकि किसी को परेशानी न हो. स्वतंत्रता दिवस के इस बड़े कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए यह सख्त इंतजाम किए गए हैं. नागरिकों से अनुरोध है कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें.