देहरादून में तलाक से पहले पति ने गोली मारकर की पत्नी की हत्या, खुद पुलिस को फोन पर पूरी बात बताकर हुआ फरार

देहरादून के सुभाषनगर में 26 वर्षीय काजल की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक, उसके पति धीरज ने वारदात के बाद कंट्रोल रूम में फोन कर हत्या की जानकारी दी और फरार हो गया.

Pinterest
Km Jaya

देहरादून में तलाक का मामला कोर्ट में लंबित होने के बीच एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सुभाषनगर के ईदगाह रोड इलाके में सोमवार सुबह एक व्यक्ति ने अपनी 26 वर्षीय पत्नी काजल को गोली मार दी. वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर घटना की जानकारी दी और फिर मोबाइल बंद कर फरार हो गया.

पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. एसपी सिटी शेखर सुयाल के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे आरोपी धीरज ने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया. उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है और घटनास्थल सुभाषनगर, ईदगाह रोड बताया.

आसपास के घरों में पूछताछ

सूचना मिलने के बाद क्लेमनटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. आसपास के घरों में पूछताछ और तलाश के बाद पुलिस एक खाली प्लॉट में बने कमरे तक पहुंची, जहां काजल का शव पड़ा मिला. आरोपी वारदात के बाद से फरार है.


सिर और पेट में मारी गोली

पुलिस के अनुसार काजल को दो गोलियां मारी गई थीं. एक गोली सिर और दूसरी पेट में लगी. घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं, जबकि वारदात में इस्तेमाल तमंचा अभी नहीं मिला है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. काजल के भाई अभिषेक की तहरीर पर धीरज के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस दंपति के बीच चल रहे विवाद और उनके निजी संबंधों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है. दोनों के मोबाइल फोन की CDR भी खंगाली जा रही है.

तलाक का मामला कोर्ट में था लंबित

पुलिस के मुताबिक धीरज और काजल की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी. दोनों के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब नौ और आठ साल है. दंपति के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और तलाक का मामला कोर्ट में लंबित था. काजल के भाई अभिषेक ने दावा किया है कि हत्या से दो दिन पहले उसने पुलिस को अपनी बहन की जान को खतरा होने की जानकारी दी थी. उसका आरोप है कि धीरज लगातार काजल को जान से मारने की धमकी दे रहा था. हालांकि, पुलिस ने दो दिन पहले ऐसी किसी सूचना मिलने से इनकार किया है.

CCTV से आरोपी की तलाश

पुलिस अब इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके जरिए आरोपी के फरार होने का रास्ता पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धीरज मौके से पैदल भागा या किसी वाहन का इस्तेमाल किया.

पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला है. परिवार एक विवादित संपत्ति में केयरटेकर के तौर पर रह रहा था. पहले काजल के पिता इस संपत्ति की देखरेख करते थे. वर्तमान में काजल अपने पति के साथ इसी स्थान पर रह रही थी. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.