menu-icon
India Daily

जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हटेंगी सभी हेली सेवाएं, जानें अब कहां से उड़ान भर सकते हैं यात्री

उत्तराखंड सरकार हवाई सेवाओं को आसान बनाने के लिए बड़ा कदम उठा रही है. अब देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से चलने वाली हेली सेवाएं सहस्त्रधारा हेलीड्रोम से संचालित होंगी, जिससे यात्रियों को समय और खर्च दोनों में राहत मिलेगी.

babli
Edited By: Babli Rautela
जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हटेंगी सभी हेली सेवाएं, जानें अब कहां से उड़ान भर सकते हैं यात्री
Courtesy: X

देहरादून: उत्तराखंड में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हवाई सेवाओं में एक बड़ा बदलाव किया जा रहा है. अब देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से संचालित होने वाली सभी हेली सेवाओं को शहर के करीब स्थित सहस्रधारा हेलीड्रोम में स्थानांतरित करने की तैयारी चल रही है. यह कदम खास तौर पर उन यात्रियों के लिए राहत लेकर आएगा, जिन्हें अब तक हेली सेवा लेने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी.

अभी तक देहरादून शहर से करीब 25 से 30 किलोमीटर दूर स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हेली सेवाएं संचालित होती हैं. वहां तक पहुंचने में यात्रियों को काफी समय लगता है और साथ ही अतिरिक्त खर्च भी करना पड़ता है. नई योजना लागू होने के बाद यात्रियों को शहर के पास ही हेली सेवा मिल सकेगी. इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि यात्रा अधिक आसान और किफायती भी बन जाएगी.

सहस्त्रधारा हेलीड्रोम क्यों है बेहतर विकल्प

सहस्त्रधारा हेलीड्रोम शहर के बेहद करीब स्थित है, जिससे यहां तक पहुंचना आसान है. यहां पहले से ही हेलीकॉप्टर संचालन से जुड़ी कई जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं, जैसे ईंधन भरने की व्यवस्था और तकनीकी सपोर्ट. यही कारण है कि इसे हेली सेवाओं के लिए एक आदर्श स्थान माना जा रहा है. इसके अलावा, एक ही स्थान से सभी हेली सेवाओं के संचालन से व्यवस्था और भी सुचारु हो जाएगी.

चारधाम यात्रा और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

इस फैसले का सबसे बड़ा फायदा चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को मिलेगा. अब उन्हें लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं होगी और वे सीधे शहर से ही अपनी हेली यात्रा शुरू कर सकेंगे. उत्तराखंड में पर्यटन पहले से ही तेजी से बढ़ रहा है और इस फैसले से इसमें और तेजी आने की उम्मीद है. खासकर बुजुर्ग और कम समय वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा बेहद फायदेमंद साबित होगी.

इस योजना को लेकर Uttarakhand Civil Aviation Development Authority यानी यूकाडा लगातार काम कर रहा है. यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान के अनुसार यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को जल्द ही केंद्र सरकार को भेजा जाएगा. केंद्र से मंजूरी मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा, जिससे देहरादून में हेली सेवाओं का पूरा ढांचा बदल जाएगा.