'किसानी के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन', मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर सीएम धामी ने गिनाईं कृषि क्षेत्र की उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने धामी ने बधाई दी है. साथ ही किसानों के लिए चलाई गई योजनाओं की सराहना की है.

ANI
Shanu Sharma

देहरादून: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कृषि क्षेत्र में हुए बदलावों और किसानों के लिए चलाई गई योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री की सराहना की है.

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र में हुए कार्यों को रेखांकित किया और किसानों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रशंसा की.

सोशल मीडिया पोस्ट में कृषि क्षेत्र के बदलावों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में 12 वर्षों में भारतीय कृषि क्षेत्र ने अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है. उन्होंने कहा कि पीएम-किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, सिंचाई और कृषि में तकनीक के बढ़ते उपयोग ने किसानों को सशक्त बनाने का कार्य किया है.


मुख्यमंत्री के अनुसार इन योजनाओं ने किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ कृषि गतिविधियों को अधिक प्रभावी और लाभकारी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा कि अन्नदाता की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लिए गए निर्णयों ने करोड़ों किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है.

केंद्र सरकार की योजनाओं की सराहना

सीएम धामी ने अपने संदेश में विशेष रूप से उन योजनाओं का उल्लेख किया जिनका सीधा लाभ किसानों तक पहुंचा है. उन्होंने कहा कि पीएम-किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता मिली है, जबकि फसल बीमा योजना ने प्राकृतिक आपदाओं और अन्य जोखिमों से सुरक्षा प्रदान की है. इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड योजना के जरिए किसानों को आसान ऋण सुविधा उपलब्ध हुई है.

सिंचाई परियोजनाओं और कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग से खेती को अधिक उत्पादक और टिकाऊ बनाने में मदद मिली है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का काम किया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में बागवानी, प्राकृतिक खेती, मोटे अनाज और कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के लिए अनेक पहलें की जा रही हैं. साथ ही सीमांत क्षेत्रों के किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी लगातार कार्य किया जा रहा है.