मां के लिए साड़ी खरीदने अचानक दुकान पहुंचे CM धामी, 'वोकल फॉर लोकल' को दिया बढ़ावा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी सादगी, सहजता और आमजन से सीधे जुड़ाव के लिए जाने जाते हैं. इसी कड़ी में अपने गृह क्षेत्र खटीमा के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री का एक बेहद आत्मीय और सरल रूप देखने को मिला.

India Daily 24x7
Shilpa Srivastava

खटीमा: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी सादगी, सहजता और आमजन से सीधे जुड़ाव के लिए जाने जाते हैं. इसी कड़ी में अपने गृह क्षेत्र खटीमा के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री का एक बेहद आत्मीय और सरल रूप देखने को मिला. छठ पूजा पर्व के पावन अवसर से वापस लौटते समय मुख्यमंत्री ने अपने निर्धारित जनसंपर्क कार्यक्रमों के बीच मेलाघाट रोड स्थित एक स्थानीय दुकान 'प्रदीप एंड कंपनी' पर रुककर अपनी माता जी के लिए साड़ी खरीदी.

​मुख्यमंत्री के अचानक बाजार में रुकने और एक सामान्य ग्राहक की तरह दुकान के भीतर जाने से वहां मौजूद व्यापारी और स्थानीय नागरिक हैरान होने के साथ-साथ बेहद उत्साहित भी नजर आए. प्रोटोकॉल की औपचारिकताओं से दूर मुख्यमंत्री ने दुकान में रखे कपड़ों और साड़ियों को देखा और पूरी आत्मीयता के साथ अपनी माता जी की पसंद के अनुरूप साड़ी का चयन किया.

स्थानीय व्यापारियों से खुलकर किया संवाद: 

​खरीदारी के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केवल सामान ही नहीं खरीदा, बल्कि दुकान के स्वामियों, कर्मचारियों और आसपास एकत्रित हुए स्थानीय व्यापारियों से खुलकर संवाद भी किया. उन्होंने व्यापारियों से उनके कामकाज, त्योहारी सीजन में हुई बिक्री और वर्तमान व्यापारिक परिस्थितियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली. 
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को भी गंभीरता से सुना तथा सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया.


'वोकल फॉर लोकल' का व्यावहारिक संदेश:

​एक बड़े शोरूम या मॉल के बजाय स्थानीय प्रतिष्ठान से खरीदारी कर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को 'वोकल फॉर लोकल' (Vocal for Local) के मंत्र को आत्मसात करने का एक सशक्त और व्यावहारिक संदेश दिया. उन्होंने कहा कि स्थानीय बाजारों और लघु व्यवसायियों से खरीदारी करने से न केवल हमारी स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होती है, बल्कि छोटे व्यापारियों और कारीगरों के चेहरों पर भी खुशहाली आती है.

​मुख्यमंत्री की इस सरल और आत्मीय पहल की पूरे खटीमा बाजार में जमकर सराहना हो रही है. 'प्रदीप एंड कंपनी' के स्वामियों और अन्य स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि प्रदेश के मुखिया का इस तरह बिना किसी तामझाम के उनकी दुकान पर आना और अपनों की तरह हाल-चाल पूछना उनके लिए गर्व और अत्यंत प्रसन्नता का विषय है. इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में विशेष उत्साह का वातावरण देखने को मिल रहा है.