गूलरभोज डैम पहुंचे सीएम धामी, लिया वाटर स्पोर्ट्स का आनंद; अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों को परखा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर स्थित गूलरभोज डैम में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का निरीक्षण किया.
उत्तराखंड सरकार राज्य को खेल और एडवेंचर पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर के गूलरभोज डैम पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
तैयारियों का लिया विस्तृत जायजा
गदरपुर स्थित गूलरभोज डैम में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने खेल ट्रैक, सुरक्षा इंतजाम, खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की. अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि दुनिया के विभिन्न देशों से खिलाड़ी यहां पहुंचेंगे, इसलिए हर व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होनी चाहिए.
Also Read
- IMA में इतिहास रच गईं 9 बेटियां, पासिंग आउट परेड में गजब का नजारा; राष्ट्रपति बोलीं-प्रगतिशील भारत की पहचान
- '12 साल में युवाओं का जीवन बदल गया', सीएम धामी ने पीएम मोदी को सराहा; 2.2 लाख स्टार्टअप और करोड़ों सपनों की उड़ान
- विदेश से MBBS करने का सपना देख रहे हैं? पहले पढ़ लें यह खबर, उत्तराखंड ने 8 मेडिकल कॉलेजों पर लगाया बैन
मुख्यमंत्री ने लिया वाटर स्पोर्ट्स का अनुभव
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं जलाशय में उतरकर वाटर स्पोर्ट्स का अनुभव लिया. उन्होंने बोटिंग करते हुए प्रतियोगिता क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और जलमार्ग की उपयोगिता का आकलन किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि गूलरभोज डैम प्राकृतिक सुंदरता और विशाल जलक्षेत्र के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त स्थान है. उनका मानना है कि भविष्य में यह स्थल राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर के कई खेल आयोजनों की मेजबानी कर सकता है.
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल खेल आयोजन कराना नहीं. स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाना है. उन्होंने बताया कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से पर्यटन गतिविधियों में तेजी आएगी और स्थानीय युवाओं को नए अवसर मिलेंगे. होमस्टे, होटल, परिवहन और स्थानीय उत्पादों से जुड़े कारोबार को भी इसका लाभ मिलेगा. धामी ने कहा कि गदरपुर और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.