सीएम हेल्पलाइन 1905 बनी जनता की ताकत, धामी बोले- शिकायतों का हो रहा त्वरित समाधान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी समाधान किया जा रहा है. इससे जवाबदेही, पारदर्शिता और जनविश्वास को मजबूती मिली है.
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 के माध्यम से एक प्रभावी और सुदृढ व्यवस्था विकसित की है. इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेल्पलाइन के जरिए प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है. इससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड रहे हैं. सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और प्रभावी तरीके से निपटारा किया जाए.
पारदर्शिता और जवाबदेही को मिला बल
सीएम धामी के अनुसार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 ने शासन और प्रशासन में जवाबदेही तथा पारदर्शिता को मजबूत करने का काम किया है. शिकायतों की निगरानी और उनके समाधान की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाया गया है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार देखने को मिला है.
Also Read
जनता और सरकार के बीच बढ़ा भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था से नागरिकों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हुआ है. लोगों को यह भरोसा मिला है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समय पर हल किया जा रहा है. सरकार जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है.