'आप व्यापार बढ़ाइए, बाकी हम संभाल लेंगे': कुमाऊं के कारोबारियों से संवाद में बोले CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं के कारोबारियों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार उनके हितों के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने सुगम व्यापार और सुविधाएं देने का भरोसा दिलाया.
राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं मंडल के व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया. आईटीसी फॉर्च्यून में आयोजित इस बैठक में व्यापार मंडलों और उद्यमियों ने जीएसटी सरलीकरण, मंडी शुल्क, अतिक्रमण, लीज नवीनीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े मुद्दे सीएम के सामने रखे.
व्यापारियों को बताया अर्थव्यवस्था की रीढ़
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छोटे दुकानदार से लेकर बड़े उद्यमी तक सभी राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं. उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी और सुरक्षित माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है. सीएम ने कोविड काल का जिक्र करते हुए किराना और रिटेल कारोबारियों के योगदान की सराहना की और उन्हें “ब्रांड इंडिया” का सच्चा राजदूत बताया.
Also Read
सिंगल विंडो सिस्टम और MSME को बढ़ावा
व्यापार को आसान बनाने के लिए राज्य में सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है, जहां 26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं. त्वरित समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था भी बनाई गई है. धामी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे 1.27 लाख युवाओं को रोजगार मिला है.
स्टार्टअप और स्थानीय उत्पादों पर विशेष जोर
युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए राज्य सरकार 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड और स्टार्टअप नीति पर काम कर रही है. “वन डिस्ट्रिक्ट, टू प्रोडक्ट” योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पर्वतीय क्षेत्रों के युवा अपने गांव में रहकर ही बेहतर कारोबार स्थापित कर सकें.