Asian Games 2026

काशीपुर में बोले सीएम धामी: 'सपने बड़े रखो, हौसला उससे भी बड़ा', युवाओं को बताया विकसित भारत की असली ताकत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद में 1400 से अधिक छात्रों को संबोधित किया. उन्होंने युवाओं से बड़ा सोचने और राज्य के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया.

X
Sagar Bhardwaj

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर के एक निजी होटल में आयोजित 'युवा विद्यार्थी संवाद' कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. इस कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. सीएम धामी ने विद्यार्थियों के सुझाव सुने और वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' और 'विकसित उत्तराखंड' के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की.

विकसित भारत के असली कर्णधार हैं युवा

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के पास नया विजन, लीक से हटकर सोचने की क्षमता और कुछ कर गुजरने का जुनून है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भले ही छोटा राज्य है, लेकिन यहां के युवाओं के सपने और हौसले बहुत बड़े हैं. प्रदेश के होनहार युवाओं की प्रतिभा और समझ देखकर यह स्पष्ट है कि देवभूमि का भविष्य सुरक्षित और सक्षम हाथों में है.

शिक्षा, विज्ञान और नवाचार को प्रोत्साहन

सीएम ने कहा कि 'मुख्य सेवक' के रूप में उनका संकल्प है कि अवसरों के अभाव में कोई भी प्रतिभा पीछे न छूटे. राज्य में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय, वर्चुअल क्लासरूम और एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू किए गए हैं. देहरादून में देश की पांचवीं 'साइंस सिटी' बनाई जा रही है. साथ ही स्टेम लैब्स और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के जरिए वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि युवा सिर्फ नौकरी ढूंढने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले (जॉब क्रिएटर) बनें.


नशा मुक्त समाज और आत्मविश्वासी युवा

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया. उन्होंने कहा कि सरकार विश्वस्तरीय खेल नीति, औद्योगिक अवसरों और स्टार्टअप्स के माध्यम से बेहतर प्लेटफॉर्म दे सकती है, लेकिन सफलता हासिल करना युवाओं के अपने हाथों में है. उन्होंने सभी से खुद पर विश्वास रखते हुए मेहनत करने का आह्वान किया.