कालसी का कायाकल्प: सीएम धामी ने किया हरिपुर घाट और 25 फीट ऊंची यमुना प्रतिमा का लोकार्पण
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालसी स्थित हरिपुर घाट का लोकार्पण और यमुना नदी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया. इससे क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार बढ़ेगा.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विकासनगर क्षेत्र के कालसी स्थित हरिपुर घाट का लोकार्पण किया. इस दौरान उन्होंने तट पर स्थापित मां यमुना की 25 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गौरव के पुनर्जागरण का काम तेजी से जारी है. नए घाट के निर्माण से तीर्थयात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
जौनसार बावर का प्रवेश द्वार
हरिपुर को जौनसार बावर का मुख्य प्रवेश द्वार माना जाता है, जहां यमुना और टौंस (तमसा) नदियों का पावन संगम होता है. जौनसार बावर अपनी विशिष्ट धार्मिक परंपराओं और जीवंत संस्कृति के लिए जाना जाता है, जिसके आराध्य देव महासू महाराज हैं. धार्मिक आस्था के अनुसार, क्षेत्र की सभी देव डोलियों को पवित्र स्नान के लिए हरिपुर घाट ही लाया जाता है, जहां श्रद्धालु स्नान कर पुण्य अर्जित करते हैं.
Also Read
कृषि, बागवानी और अर्थव्यवस्था
जौनसार बावर की आजीविका मुख्य रूप से कृषि, पशुपालन और बागवानी पर निर्भर है. किसान कोदों, झंगोरा जैसे मोटे अनाजों के साथ अदरक, टमाटर और मिर्च जैसी नगदी फसलें उगाते हैं. ऊंचाई वाले इलाकों में सेब, प्लम और कीवी की खेती होती है. स्थानीय सहिया मंडी से अदरक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी भेजा जाता है. हरिपुर के विकास से इस पूरे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को एक नई दिशा मिलेगी.