चमोली टनल हादसे पर बड़ा सवाल, क्या पहले से पता था सुरंग के अंदर छिपा खतरा; THDC रिपोर्ट ने खोली पूरी पोल
चमोली की विष्णुगाड पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. THDC की मार्च 2025 की तकनीकी रिपोर्ट में सुरंग के कुछ हिस्सों में कमजोर चट्टान, पानी और शियर जोन जैसी चुनौतियों का उल्लेख पहले ही किया गया था.
उत्तराखंड के चमोली जिले में विष्णुगाड पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में 13 अगस्त को हुए हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हादसे में सुरंग के भीतर अचानक पानी और मलबा आने के बाद कई मजदूर फंस गए थे. राहत और बचाव अभियान के बीच अब परियोजना की भूगर्भीय सुरक्षा और पहले से मौजूद जोखिमों पर भी चर्चा तेज हो गई है. इस बीच सामने आई मार्च 2025 की THDC की तकनीकी रिपोर्ट में सुरंग के अलग अलग हिस्सों में कमजोर चट्टानों, प्राकृतिक दरारों, शियर जोन और पानी की मौजूदगी जैसी चुनौतियों का उल्लेख किया गया था. हालांकि केवल इस रिपोर्ट के आधार पर हादसे का कारण तय नहीं किया जा सकता. इसकी स्वतंत्र जांच जरूरी होगी.
3.04 किलोमीटर लंबी है टेल रेस टनल
विष्णुगाड पीपलकोटी परियोजना अलकनंदा नदी पर स्थित 444 मेगावाट की जल विद्युत परियोजना है. THDC के अनुसार परियोजना में 13.4 किलोमीटर लंबी हेड रेस टनल और करीब 3.04 किलोमीटर लंबी टेल रेस टनल शामिल है. तकनीकी रिपोर्ट में टेल रेस टनल के अलग अलग हिस्सों में चट्टानों की गुणवत्ता का आकलन RMR यानी रॉक मास रेटिंग के आधार पर किया गया था. यह किसी चट्टान की मजबूती और स्थिरता को समझने का एक वैज्ञानिक तरीका है.
कई हिस्सों में कमजोर चट्टान मिली
रिपोर्ट में टनल के कुछ हिस्सों में RMR 33 से 37 तक दर्ज किया गया था. इसे कमजोर चट्टान की श्रेणी में रखा जाता है. खास बात यह है कि कुछ जगहों पर चट्टान के साथ पानी की मौजूदगी भी दर्ज की गई थी. कुछ हिस्सों में केवल नमी नहीं बल्कि ड्रिपिंग यानी पानी का टपकना और फ्लोइंग यानी पानी का बहना भी दर्ज किया गया था.
Also Read
आम भाषा में समझें तो कमजोर चट्टान में खुदाई के दौरान चट्टान के हिस्से अलग होने का खतरा ज्यादा रहता है. वहीं पानी अगर चट्टान की दरारों तक पहुंच जाए तो उसकी स्थिरता प्रभावित हो सकती है. ऐसे इलाकों में मजबूत सपोर्ट सिस्टम और लगातार निगरानी बेहद जरूरी होती है.
33 RMR तक पहुंची थी चट्टान
रिपोर्ट के अनुसार टेल रेस टनल के डाउनस्ट्रीम हिस्से में कुछ स्थानों पर RMR 33 दर्ज किया गया था. एक हिस्से में इसके साथ बहता हुआ पानी भी दर्ज किया गया था. इसके आसपास के दूसरे हिस्सों में RMR 37 के साथ पानी के टपकने की स्थिति बताई गई थी. आगे एक और हिस्से में कमजोर चट्टान के साथ बहते पानी का उल्लेख था. इस तरह रिपोर्ट में टनल के कुछ हिस्सों में कमजोर भूभाग और पानी दोनों की चुनौती एक साथ दर्ज थी.