उत्तराखंड में मौसम का कहर, चमोली में आज सभी स्कूल बंद; बिजली गिरने के अलर्ट पर प्रशासन का बड़ा फैसला
आईएमडी की भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी के बाद चमोली जिला प्रशासन ने 6 अगस्त को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और अशासकीय स्कूलों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से 6 अगस्त को उत्तराखंड के चमोली जिले में भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है.
कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल रहेंगे बंद
जिलाधिकारी गौरव कुमार के आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालय, जहां कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई होती है, आज बंद रहेंगे. इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय छात्रों और छोटे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है. लगातार बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए अनावश्यक जोखिम से बचने के लिए स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है.
शिक्षा विभाग को दिए गए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं. सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को समय पर अवकाश संबंधी सूचना देने और आदेश का पालन कराने के लिए कहा गया है.
Also Read
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.