खत्म हुआ सस्पेंस! उत्तराखंड राज्यसभा चुनाव में BJP ने दिनेश आर्य पर लगाया दांव
भाजपा ने उत्तराखंड की आगामी राज्यसभा सीट के लिए दिनेश आर्य को अपना प्रत्याशी घोषित किया है. पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उनके नाम को मंजूरी दी है.
उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त होने वाली सीट के लिए भाजपा ने दिनेश आर्य को अपना प्रत्याशी घोषित किया है. भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को उनके नाम पर मुहर लगाई. नाम की घोषणा के साथ ही राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है.
उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है. इसी वजह से राज्य की एक राज्यसभा सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराया जा रहा है. चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को मतदान होगा और इसी दिन मतगणना भी की जाएगी.
Also Read
24 नामों पर हुआ था मंथन
राज्यसभा प्रत्याशी के चयन को लेकर भाजपा में लंबे समय से मंथन चल रहा था. प्रदेश स्तर पर पार्टी की कोर कमेटी में करीब 24 नामों पर चर्चा हुई थी. इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व को 15 नामों का पैनल भेजे जाने की जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दी थी. केंद्रीय चुनाव समिति ने अब इस पैनल में से दिनेश आर्य के नाम को अंतिम रूप दिया है. इसके साथ ही राज्यसभा सीट के लिए भाजपा के प्रत्याशी को लेकर तस्वीर साफ हो गई है.
लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं दिनेश आर्य
दिनेश आर्य लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने नैनीताल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट के लिए दावेदारी भी की थी. उस समय आर्य ने खुद के वर्ष 2002 से भाजपा में सक्रिय होने की बात कही थी. आर्य भाजपा सरकार में राज्य पेयजल अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. इसके अलावा वह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा में प्रदेश स्तर पर भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं.
16 अक्टूबर को होगा मतदान
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव की अगली तस्वीर स्पष्ट होगी. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना भी होगी. उत्तराखंड विधानसभा में भाजपा के संख्याबल को देखते हुए पार्टी प्रत्याशी के निर्वाचन को लेकर प्रक्रिया अब नामांकन और चुनावी औपचारिकताओं के अगले चरण में पहुंच गई है. दिनेश आर्य के नाम की घोषणा के साथ भाजपा ने अपनी ओर से उम्मीदवार तय कर दिया है.