आयुष्मान कार्ड धारकों की होगी जीपीएस ट्रैकिंग, दून अस्पताल में सख्ती लागू
आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए दून अस्पताल में जीपीएस युक्त फोटो सत्यापन अनिवार्य हो गया है. मरीज फोटो सत्यापन और आधार जांच की नई व्यवस्था फर्जीवाड़े पर रोक के लिए लागू की गई है.
देहरादून: दून अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों के इलाज में बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सख्त कदम उठाए हैं. अब आयुष्मान योजना के तहत भर्ती होने वाले प्रत्येक मरीज की जीपीएस ट्रैकिंग युक्त फोटो अनिवार्य कर दी गई है. मरीज फोटो सत्यापन और आधार कार्ड की जांच प्रक्रिया को पूरी तरह कड़ा बना दिया गया है ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का धोखाधड़ी का प्रयास विफल किया जा सके.
मंजीत नामक एक व्यक्ति ने अपने आयुष्मान कार्ड पर विक्की नामक दूसरे व्यक्ति को तीन हृदय स्टंट लगवा दिए. यह गंभीर धोखाधड़ी उजागर होने के बाद दून अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए. आयुष्मान सोसायटी को प्रबंधन की ओर से जवाब भेजा गया जिसमें बताया गया कि आरोपी के विरुद्ध तहरीर दी जा चुकी है और उसने इलाज की राशि भी जमा करा दी है.
जीपीएस फोटो और आधार सत्यापन की नई व्यवस्था
अस्पताल के मुख्य अधीक्षक डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि आयुष्मान मरीजों के सत्यापन एवं निगरानी में पूरी तरह सख्ती लाई जा रही है. प्रत्येक मरीज का आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया है जिसे आयुष्मान मित्र प्रत्येक फाइल के साथ स्कैन करके रखेंगे. वार्ड में तैनात सिस्टर प्रभारी की यह जिम्मेदारी होगी कि वह आधार और आयुष्मान कार्ड देखकर मरीज का व्यक्तिगत सत्यापन करें.
Also Read
आयुष्मान समन्वयक दिनेश रावत और जिला समन्वयक नितेश यादव को आयुष्मान मित्रों की निगरानी और बेहतर कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि किसी भी स्तर पर चूक न हो और सरकारी स्वास्थ्य योजना का लाभ केवल वास्तविक लाभार्थियों को ही मिले. दून अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत भर्ती होने वाले सभी मरीजों को अब अपना मूल आधार कार्ड साथ लाना होगा. बिना आधार सत्यापन के भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं होगी.
क्या हुआ बदलाव?
- हर तीसरे दिन फोटो और प्रतिदिन वार्ड भ्रमण अनिवार्य
- मरीज के भर्ती होने और छुट्टी के समय जीपीएस युक्त फोटो लेना अनिवार्य.
- इलाज के दौरान हर तीसरे दिन जीपीएस फोटो के माध्यम से सत्यापन.
- आयुष्मान मित्र प्रतिदिन वार्ड का भ्रमण कर मरीजों की समस्याएं जानेंगे.
- गंभीर मरीजों के लिए आयुष्मान मित्र स्वयं वार्ड या गहन चिकित्सा कक्ष में जाकर जैव मापदंड सत्यापन करेंगे.