अल्मोड़ा के आर्य कन्या इंटर कॉलेज को मिली बड़ी सौगात, अतिरिक्त कक्षों और खेल सुविधाओं का होगा विस्तार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आर्य कन्या इंटर कॉलेज की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की घोषणा कर छात्राओं, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन को बड़ी राहत दी है.

ANI
Meenu Singh

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आर्य कन्या इंटर कॉलेज की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की घोषणा कर छात्राओं, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन को बड़ी राहत दी है. इस फैसले से न केवल विद्यालय का ढांचा मजबूत होगा, बल्कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक और खेल सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी.

दन्या में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आर्य कन्या इंटर कॉलेज में अतिरिक्त कक्षा कक्ष, आधुनिक प्रयोगशाला, चाहरदीवारी और खेल मैदान के निर्माण की घोषणा की. लंबे समय से विद्यालय में इन सुविधाओं की मांग की जा रही थी, जिसे अब सरकार की मंजूरी मिलने के बाद पूरा किए जाने का रास्ता साफ हो गया है.

शिक्षा सुविधाओं को मिलेगा नया विस्तार

विद्यालय में छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण अतिरिक्त कक्षों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. नए क्लास रूम बनने से पढ़ाई का संचालन ज्याद व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा. साथ ही आधुनिक प्रयोगशाला के निर्माण से विज्ञान विषयों की पढ़ाई को भी नई मजबूती मिलेगी.


सुरक्षा और खेल गतिविधियों पर विशेष ध्यान

विद्यालय परिसर में चाहरदीवारी के निर्माण से सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी. इसके अलावा खेल मैदान विकसित होने से छात्राओं को खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा. इससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा.

विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद विद्यालय प्रबंधन, छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह देखा जा रहा है. विद्यालय से जुड़े पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक और भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा.

शिक्षा के स्तर में होगा सुधार

विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि नई सुविधाओं के जुड़ने से शिक्षण व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी. साथ ही छात्राओं को सुरक्षित, आधुनिक और सुविधायुक्त वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी पढ़ाई के साथ साथ अन्य सह पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. यह पहल क्षेत्र में बालिका शिक्षा को नई दिशा देने का काम करेगी.