आदि कैलाश यात्रा का दूसरा चरण शुरू: पहले दिन 481 श्रद्धालुओं को मिले इनर लाइन परमिट, गुंजी रवाना

आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा का दूसरा चरण शुरू हो गया है. पहले दिन 481 श्रद्धालुओं को इनर लाइन परमिट जारी किए गए, जिससे स्थानीय पर्यटन और आर्थिकी को बल मिला है.

X
Sagar Bhardwaj

प्रसिद्ध आदि कैलाश और ओम पर्वत की पावन यात्रा का दूसरा चरण विधिवत रूप से आरंभ हो चुका है. यात्रा की शुरुआत के साथ ही देशभर से आए शिवभक्तों का सीमांत नगर धारचूला पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है. श्रद्धालु 'हर-हर महादेव' के जयकारों के साथ अपने अगले पड़ाव के लिए बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं.

पहले दिन 481 श्रद्धालुओं को परमिट

प्रशासन की ओर से पहले ही दिन 481 यात्रियों को इनर लाइन परमिट जारी किए गए. परमिट मिलने के बाद सभी श्रद्धालु गुंजी के लिए रवाना हो गए हैं. उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने बताया कि पहले दिन जाने वाले यात्रियों में सबसे अधिक संख्या पश्चिम बंगाल के श्रद्धालुओं की रही, जबकि गुजरात, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में यात्री पहुंचे हैं.

स्थानीय पर्यटन और कारोबार को मिली संजीवनी

करीब दो महीने के अंतराल के बाद यात्रा दोबारा शुरू होने से घाटी में चहल-पहल लौट आई है. धारचूला से लेकर गुंजी और कुटी तक के होटल व्यवसायियों, होमस्टे स्वामियों और टूर ऑपरेटरों के चेहरे खिल उठे हैं. इस यात्रा से सीमांत क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.


पहले चरण में पहुंचे थे 50 हजार से अधिक भक्त

उल्लेखनीय है कि आदि कैलाश यात्रा का पहला चरण 1 मई से 1 जुलाई तक सफलतापूर्वक संचालित हुआ था, जिसमें 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे. अब दूसरे चरण में भी भारी संख्या में यात्रियों के पहुंचने की संभावना है.