menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल, 20 IPS और PPS अधिकारियों का ट्रांसफर; 16 दिन में 5 हत्याओं के बाद राजधानी के कप्तान को हटाया गया

सबसे प्रमुख बदलाव देहरादून में हुआ है. वर्तमान एसएसपी अजय सिंह को उनके पद से हटाकर अब एसएसपी एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की जिम्मेदारी दी गई है.

Anuj
Edited By: Anuj
उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल, 20 IPS और PPS अधिकारियों का ट्रांसफर; 16 दिन में 5 हत्याओं के बाद राजधानी के कप्तान को हटाया गया
Courtesy: Chat GPT

देहरादून: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने शुक्रवार (13 फरवरी) को पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं.

इस व्यापक तबादला सूची में राज्य के कई महत्वपूर्ण जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) शामिल हैं. खास तौर पर राजधानी देहरादून और हरिद्वार जैसे जिलों के पुलिस प्रमुखों को बदला गया है, जिसे कानून-व्यवस्था सुधारने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

देहरादून SSP का तबादला

सबसे प्रमुख बदलाव देहरादून में हुआ है. वर्तमान एसएसपी अजय सिंह को उनके पद से हटाकर अब एसएसपी एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की जिम्मेदारी दी गई है. माना जा रहा है कि पिछले करीब दो सप्ताह में देहरादून में हुई कई हत्याओं के बाद यह निर्णय लिया गया.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी देहरादून में 16 दिनों के अंदर पांच हत्याएं हुई है. अजय सिंह की जगह अब आईपीएस अधिकारी प्रमेंद्र सिंह डोबाल को देहरादून का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है. डोबाल अब तक हरिद्वार के एसएसपी पद पर तैनात थे.

हरिद्वार के नए SSP होंगे नवनीत भुल्लर

हरिद्वार में भी नेतृत्व परिवर्तन किया गया है. वहां एसएसपी पद की जिम्मेदारी अब नवनीत भुल्लर संभालेंगे. भुल्लर इससे पहले एसएसपी एसटीएफ के रूप में कार्यरत थे. इस तरह एसटीएफ और जिला पुलिस नेतृत्व के बीच अदला-बदली करते हुए कई महत्वपूर्ण पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है.

उधम सिंह नगर जिले में बड़ा बदलाव

उधम सिंह नगर जिले में भी बड़ा बदलाव हुआ है. वहां के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को हटाकर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना (इंटेलिजेंस) बनाया गया है. उनकी जगह आईपीएस अधिकारी अजय गणपति कुम्भार को उधम सिंह नगर का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है. कुम्भार अभी तक चंपावत जिले के एसपी थे.

बागेश्वर के SP बने जितेंद्र कुमार मेहरा

चंपावत में अब रेखा यादव को नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. रेखा यादव पहले पिथौरागढ़ की एसपी थीं. वहीं, पिथौरागढ़ जिले की जिम्मेदारी अब अक्षय प्रहलाद कोंडे को दी गई है. इसी क्रम में बागेश्वर और अल्मोड़ा जिलों में भी बदलाव किए गए हैं. चंद्रशेखर को बागेश्वर से हटाकर अल्मोड़ा का एसएसपी बनाया गया है, जबकि बागेश्वर में एसपी के पद पर जितेंद्र कुमार मेहरा को तैनात किया गया है.

कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख

अन्य बदलावों में निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग का एसपी बनाया गया है. उधम सिंह नगर में अपराध एवं यातायात की जिम्मेदारी जितेंद्र चौधरी को दी गई है, जबकि हरिद्वार में अपराध एवं यातायात के एसपी के रूप में निशा यादव को नियुक्त किया गया है.

यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल ऐसे समय किया गया है, जब राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाने की बात कर रही है. खासकर देहरादून में हाल के दिनों में बढ़ी आपराधिक घटनाओं ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे. ऐसे में राजधानी सहित कई संवेदनशील जिलों में नए अधिकारियों की तैनाती को सरकार की रणनीतिक पहल माना जा रहा है.

पुलिस विभाग में व्यापक बदलाव

पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक बदलाव से साफ संकेत मिलता है कि सरकार अपराध नियंत्रण, बेहतर पुलिसिंग और जनता का भरोसा मजबूत करने पर जोर दे रही है. नए अधिकारियों के सामने कानून-व्यवस्था संभालने, अपराध पर लगाम लगाने और यातायात व्यवस्था सुधारने की बड़ी चुनौती होगी.

उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पहले 12 फरवरी को भी राज्य सरकार ने कई आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा के अधिकारियों के तबादले किए थे. इससे स्पष्ट है कि प्रशासनिक स्तर पर व्यापक पुनर्गठन कर शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश की जा रही है.