उत्तराखंड को मिलीं 59 नई बसें, CM धामी ने दिखाई हरी झंडी; पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में आसान होगा सफर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई बसों को रवाना किया. इससे पहाड़ी और दूरदराज के इलाकों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी.

Nasir Husain
Sagar Bhardwaj

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. बीएस-6 उत्सर्जन मानकों वाली इन बसों के शामिल होने से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी. इससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिल सकेगा.

तीन मंडलों में बांटी गईं नई बसें

परिवहन निगम की इन 59 बसों को प्रदेश के तीन मंडलों में भेजा गया है. इनमें देहरादून मंडल को 20, टनकपुर मंडल को 20 और नैनीताल मंडल को 19 बसें मिली हैं. इन बसों से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी फायदा होगा. खासकर दूरदराज के पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में आने-जाने की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है.

पहाड़ी क्षेत्रों तक परिवहन सुविधा पहुंचाना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास पहुंचाने के लिए बेहतर सड़क संपर्क और सार्वजनिक परिवहन जरूरी है. सरकार पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में परिवहन सेवाओं को सुरक्षित, भरोसेमंद और आधुनिक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि बेहतर परिवहन व्यवस्था से पहाड़ी क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.


परिवहन निगम के बेड़े में अब 1,276 बसें

बीएस-6 मानकों वाली नई बसें पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार होंगी. फिलहाल उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें हैं. इनमें 891 निगम की अपनी और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं. नई बसों के जुड़ने से परिवहन सेवाओं की क्षमता बढ़ेगी.

कार्यक्रम में ये मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद

बसों को रवाना करने के कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा और सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.