स्कूल पहुंचकर सीएम योगी ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह, उत्कृष्ट शिक्षकों का किया सम्मान
सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को किताबें, बैग और स्टेशनरी किट वितरित की, अपने हाथों से भोजन परोसा, अन्नप्राशन कराया, नवाचार प्रदर्शनी देखी और पांच उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया.
सहारनपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम उस समय भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बच्चों के बीच पहुंचे और उनसे आत्मीय संवाद किया. उन्होंने नौनिहालों को किताबें, कॉपियां, बैग और स्टेशनरी किट वितरित कीं. बच्चों के साथ समय बिताते हुए उनके नवाचारों को देखा, कक्षाओं में जाकर उनका उत्साह बढ़ाया और अपने हाथों से भोजन परोसकर सभी का दिल जीत लिया. पूरे कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह और मुस्कान सबसे खास आकर्षण रही.
बच्चों के साथ आत्मीय संवाद और नवाचार की सराहना
कार्यक्रम की शुरुआत परिषदीय विद्यालयों की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विद्यालय परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न नवाचारों की जानकारी ली. उन्होंने मंच से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और उनकी रचनात्मक सोच की खुलकर प्रशंसा की. मुख्यमंत्री बच्चों के बीच पहुंचे तो उनसे सहज अंदाज में बातचीत की और पूछा कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएंगे या नहीं. बच्चों ने मुस्कुराते हुए सकारात्मक जवाब दिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट भी वितरित कीं, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल दिखाई दिया और बच्चे अपने बीच मुख्यमंत्री को पाकर बेहद खुश नजर आए.
Also Read
अपने हाथों से परोसा भोजन, कक्षा में पहुंचकर बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ भोजन व्यवस्था में भी हिस्सा लिया. भोजन मंत्र के उच्चारण के बाद उन्होंने स्वयं बच्चों की थालियों में भोजन परोसा. इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री और जनप्रतिनिधि भी उनके साथ मौजूद रहे. बच्चों के चेहरे उस समय खुशी से खिल उठे, जब उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री को अपने लिए भोजन परोसते देखा. इसके बाद मुख्यमंत्री कक्षाओं में पहुंचे और प्रत्येक बच्चे से उसका नाम पूछा. बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ उनसे बातचीत की. उनके सरल प्रश्नों के मासूम जवाब सुनकर वहां मौजूद सभी लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई. मुख्यमंत्री ने बच्चों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
नन्हे-मुन्नों का कराया अन्नप्राशन, पांच बच्चों को मिला शैक्षणिक उपहार
विपरीत मौसम को देखते हुए अन्नप्राशन कार्यक्रम कक्षा के भीतर आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नन्हे बच्चों को चंदन का टीका लगाकर खीर खिलाई और उन्हें खिलौने भेंट किए. कई बच्चे मुख्यमंत्री की गोद में भी खेलते नजर आए, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक बना दिया. इसी अवसर पर मुख्यमंत्री ने पांच विद्यार्थियों को अपने हाथों से कॉपी, किताबें, बैग और स्टेशनरी किट प्रदान की. इनमें साक्षी, आरव, लव्यांश, अस्मिता और रविंद्र शामिल रहे. उपहार पाकर बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की.
श्रेष्ठ प्रधानाध्यापकों का सम्मान, शिक्षा की गुणवत्ता पर दिया जोर
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री ने सहारनपुर जनपद के पांच उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया. सम्मान प्राप्त करने वालों में इंदु बेस, कुलदीप अरोड़ा, अश्वनी कुमार शर्मा, राज सिंह और मोहिनी पाल शामिल रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल बेहतर संसाधनों से नहीं, बल्कि समर्पित शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के प्रयासों से संभव होती है. उन्होंने शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार नवाचार अपनाने का आग्रह किया. सम्मान समारोह के दौरान शिक्षकों का उत्साह भी देखने लायक था और पूरे कार्यक्रम ने शिक्षा, संस्कार तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश दिया.